लिलुआ के कोना में पत्नी की संदिग्ध हालात में मौत के मामले में पुलिस ने पति अभिजीत मंडल को गिरफ्तार किया है। उसे सीजेएम कोर्ट में पेश किया। जहां से कोर्ट ने उसे १४ दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने बताया कि उसपर पत्नी को दहेज के लिए प्रताडि़त करने व मारने का आरोप है। पुलिस ने बताया कि १ सितम्बर को अभिजीत की पत्नी कल्पना मंडल को कथित तौर पर जहर पीने पर पहले हावड़ा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां उसकी हालत संगीन होने के कारण उसे कोलकाता के आरजीकर अस्पताल में ले जाया गया। जहां मंगलवार की सुबह उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद उसके मायके वालों ने थाने में उसके पति व उसके परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज कराया उसी पुलिस ने उसी मामले के आधार पर अभिजीत को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि ढाई साल पहले ही कल्पना से अभिजीत की शादी हुई थी। इनसे कोई संतान नहीं है।
संपत्ति के लालच में पुत्र को मार डालने का आरोप – चुंचुड़ा: लापता बेटे का शव झील से मिला
चुंचुड़ा चुंचुड़ा थाना इलाके में मां पर संपित्त के लालच में बेटे को मार डालने का आरोप लगा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में मां तपती जाना से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मंगलवार को प्रीतम मुखर्जी घर से स्कूल गया था। लेकिन नहीं लौटा। बुधवार को उसका शव एक झील से बरामद किया गया। बताया जाता है जब वह चार साल का था तो उसके पिता चल बसे थे। उसकी मां ने अन्य एक व्यक्ति से शादी रचा ली थी। पिता की संपत्ति के लालच में प्रीतम को अपने साथ ले जाने के लिए उसकी मां आई थी लेकिन उसके मामा व नानी ने इनकार कर दिया था। क्योंकि प्रीतम अपनी मां के साथ नहीं बल्कि अपने मामा के साथ रहता था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।