scriptविश्व बांग्ला के होर्डिंग्स पर पोती कालिख | The granddaughter of World Bangla on hoardings | Patrika News

विश्व बांग्ला के होर्डिंग्स पर पोती कालिख

locationकोलकाताPublished: Nov 21, 2017 12:11:21 am

कोलकाता से सटे लेक टाउन इलाके में विश्व बांग्ला के लोगो के साथ लगे होर्डिंग्स पर किसी ने रात में कालिख पोत दी

World bangla

कोलकाता. कोलकाता से सटे लेक टाउन इलाके में विश्व बांग्ला के लोगो के साथ लगे होर्डिंग्स पर किसी ने रात में कालिख पोत दी। लेकटाउन से बागुईआटी तक वीआईपी रोड के दोनों किनारे लगे सभी होर्डिग्स पर कालिख पोती गई थी। सुबह में लोगों ने इसे देखा। इनमें से कई होर्डिंग्स में मुख्यमंत्री के कटआउट भी थे। घटना के संबंध में लेकटाउन थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


प्राथमिक जांच के आधार पर पुलिस का अनुमान है कि इस वारदात में कई लोग शामिल हैं। रविवार देर रात अथवा सोमवार तडक़े इस वारदात को अंजाम दिया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने के लिए इलाके में लगे सीसी टीवी का फुटेज खंगाल रही है। इधर दक्षिण दमदम नगरपालिका की ओर से कालिख पोते होर्डिंग्स को हटाने और उनकी जगह नए होर्डिंग्स लगाने का काम शुरू किया गया है।


नगरपालिका के चेयरमैन पांचू राय ने वारदात के पीछे भाजपा का हाथ बताया है। उन्होंने इस कृत्य की निंदा की और कहा कि तृणमूल कांग्रेस इस तरह की गंदी राजनीति नहीं करती है। नरेन्द्र मोदी के किसी पोस्टर के साथ किसी ने इस तरह का काम नहीं किया है। पुलिस में मामला दर्ज कराया गया है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस घटना को लेकर तृणमूल के समर्थकों में भारी गुस्सा है।

भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन
विश्व बांग्ला लोगो के मुद्दे पर प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया। महिला मोर्चा की सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने दोपहर दो बजे ईएम बाईपास से जुलूस निकाला और साइंस सिटी के निकट स्थापित विश्व बांग्ला के लोगो के सामने जा कर विरोध प्रदर्शन करना शुरू कर दिया।

प्रदर्शनकारी महिलाएं हवा में पोस्टर लहराते हुए राज्य सरकार के खिलाफ नारे लगा रही थीं। वे आरोप लगा रही थी कि विश्व बांग्ला लोगो पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सांसद भतीजे अभिषेक बनर्जी का मालिकाना हक होने के बावजूद राज्य सरकार इस लोगो का इस्तेमाल सरकारी संस्थानों के लिए कर रही थी। जान-बुझ कर अभिषेक बनर्जी को लाभ पहुंचाने के लिए ऐसा किया गया। भाजपा में शामिल होने के बाद मुकुल राय ने लोगोकांड का धर्मतल्ला रैली में खुलासा किया था।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो