Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पश्चिम बंगाल की जनता 2026 में करेगी तय, मुगालते में दीदी हैं अथवा दादा

केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में भाजपा सदस्यता अभियान का साल्टलेक स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में आगाज किया, साथ ही 2026 के राज्य विधानसभा चुनाव का बिगुल बजाया। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी को अधिक लोकसभा सीटें जीतने को लेकर मुगालते में नहीं रहने की नसीहत देते हुए शाह ने कहा कि इस बार लोकसभा के चुनाव में हमें कुछ कम सीटें मिली। इससे ममता बनर्जी बहुत उत्साहित हैं लेकिन, ममता दीदी इसको लेकर मुगालते में मत रहिएगा।

2 min read
Google source verification
पश्चिम बंगाल की जनता 2026 में करेगी तय, मुगालते में दीदी हैं अथवा दादा

पश्चिम बंगाल की जनता 2026 में करेगी तय, मुगालते में दीदी हैं अथवा दादा

भाजपा वो पार्टी हैं, जो दो सीट से 370 सीटें भी जीतती है

केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में भाजपा सदस्यता अभियान का साल्टलेक स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में आगाज किया, साथ ही 2026 के राज्य विधानसभा चुनाव का बिगुल बजाया। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी को अधिक लोकसभा सीटें जीतने को लेकर मुगालते में नहीं रहने की नसीहत देते हुए शाह ने कहा कि इस बार लोकसभा के चुनाव में हमें कुछ कम सीटें मिली। इससे ममता बनर्जी बहुत उत्साहित हैं लेकिन, ममता दीदी इसको लेकर मुगालते में मत रहिएगा। भाजपा वो पार्टी हैं, जो दो सीट से 370 सीटें भी जीतती है और हम जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने का काम भी करते हैं। बहरहाल पश्चिम बंगाल की जनता 2026 में तय करेगी कि मुगालते में दीदी हैं अथवा दादा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार, राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेन्दु अधिकारी और अभिनेता से नेता बने मिथुन चक्रवर्ती की मौजूदगी में शाह ने कहा कि 2026 में बंगाल में दो तिहाई बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी। ममता दीदी, हम भतीजों को नेता नहीं बनाते। आप पिछले परिणाम देखकर थोड़ा ख़ुश हो लीजिए,2026 के विधानसभा चुनाव में आप हमें रोक नहीं पाएंगी। पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा की सीटें कम आई तो राहुल एंड कंपनी खुश हो रही थी, जिसमें ममता दीदी भी शामिल हैं। वे मध्य प्रदेश, हरियाणा और ओडिशा में स्वीप करने के सपने देख रहे थे लेकिन, हम जीत गए।

महाराष्ट्र और झारखंड में बनेगी हमारी ही सरकार

शाह ने दावा किया कि महाराष्ट्र और झारखंड में भी हमारी ही सरकार बनेगी। राहुल बाबा को उनके साथी भी नहीं समझाते कि जो जीतता है वही प्रधानमंत्री की शपथ लेता है, जो हारता है विरोधी दल का नेता होता है। भाजपा की लोकसभा सीटें पिछली बार से घटकर 240 हो गई तो राहुल बाबा को अहंकार हो गया। उन्हें याद नहीं कि पिछले तीनों लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की सीटों की संख्या 240 से कम रही हैं।

भाजपा ही रोक सकती है आरजी कर जैसे कांड

शाह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सीमा से जुड़े बंगाल में राज्य सरकार प्रायोजित घुसपैठ हो रही है। महिलाओं के खिलाफ अपराध हो रहे हैं। अगर संदेशखाली और आरजी कर बलात्कार और हत्या जैसी घटनाओं पर पूर्ण विराम लगाना है तो 2026 के बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा को जीताना होगा। राज्य में गो तस्करी, कोयला तस्करी और भ्रष्टाचार रोकने का एक मात्र तरीका 2026 में भाजपा सरकार बनाना है। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक पार्टियां जातिवाद और परिवारवाद चलाती हैं। भाजपा एक मात्र पार्टी है, जिसमें कोई जाति परिवारवाद नहीं है। इसका एक कार्यकर्ता भी प्रधानमंत्री बन सकता है।

शाह ने प्रदेश भाजपा को दिया 2026 का लक्ष्य

अमित शाह ने इस अवसर पर प्रदेश भाजपा को वर्ष 2026 के बंगाल विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत हासिल कर सरकार बनाने का लक्ष्य दिया। उन्होंने कहा कि आज सुबह मैं भारत-बांग्लादेश सीमा पर गया था। कुछ लोग मिले, जिन्होंने कहा कि उन्हें आयुष्मान भारत का लाभ नहीं मिलता है। मैंने उनसे कहा कि जरा सब्र रखो 2026 में जरूर मिलेगा। यही ही नहीं नौकरी, शिक्षा के लिए किसी को रिश्वत नहीं देनी होगी।