कोलकाता

भाजपा का 12 घंटे का बंगाल बंद आज

बंद के समर्थन में सडक़ पर उतरी भाजपा, विरोध में तृणमूल ने निकाली रैली
 

कोलकाताSep 25, 2018 / 11:02 pm

Manoj Singh

बागड़ी अग्नि काण्ड के लिए सरकार जिम्मेदार-भाजपा

गड़बड़ी फैलाने वालों से सख्ती से निपटेगी सरकार-पार्थ
कोलकाता
उत्तर दिनाजपुर जिले के इस्लामपुर में 2 छात्रों की फायरिंग में मौत के विरोध और गोलीकांड की सीबीआई जांच कराने को लेकर भाजपा ने बुधवार सुबह ६ से शाम ६ बजे तक 12 घंटे का पश्चिम बंगाल बंद बुलाया है। आरएसएस ने बंद का समर्थन किया है। भाजपा ने आपात और जरूरी सेवाओं को बंद के दायरे से बाहर रखा है। दूसरी ओर राज्य सरकार ने बंद को विफल करने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। परिवहन यातायात की पूरी व्यवस्था की है। राज्य सरकार ने बंद के दौरान 26 हजार सरकारी बसों के अलावा ट्राम और लॉंच चलाने की व्यवस्था की है। किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए कोलकाता में 4 हजार तथा राज्य भर में बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया जाएगा।
बंद को सफल बनाने के लिए मंगलवार को जहां भाजपा तथा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने सडक़ पर उतर पर प्रदर्शन किया, वहीं बंद को विफल करने के लिए राज्य की सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस और एसएफआई ने रैली निकाली।
हालांकि भाजपा और तृणमूल कांग्रेस बंद के दौरान अपने कार्यकर्ताओं को सडक़ पर नहीं उतारेगी। भाजपा ने जबरन बंद नहीं कराने की घोषणा की है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि नैतिक तौर पर बंद विरोधी होने के बावजूद पार्टी को इस्लामपुर गोलीकाण्ड के विरोध में बंद बुलाने को मजबूर होना पड़ा है। भाजपा ने राज्य के लोगों से बंद में शामिल होने की अपील की है। अगर कुछ भी गड़बड़ी होती है तो उसके लिए भाजपा जिम्मेदार नहीं होगी। राज्य के शहरी विकास मंत्री फिरहाद हकीम ने कहा कि बंद के विरोध में तृणमूल कांग्रेस समर्थक सडक़ पर नहीं उतरेंगे। बंद समर्थकों से प्रशासन निपटेगा। राज्य के शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी ने कहा कि बंद के दिन भाजपा की ओर से गड़बड़ी फैलाए जाने की खबर है। उन्होंने सभी जिला प्रशासन को गड़बड़ी फैलाने वालों से सख्ती से निपटने का निर्देश दिया है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.