scriptबेलगाम ट्रक ने चार को रौंद डाला | Truck killed four in west bengal | Patrika News

बेलगाम ट्रक ने चार को रौंद डाला

locationकोलकाताPublished: Jul 22, 2018 10:47:14 pm

– दक्षिण 24 परगना जिले के उस्ती इलाके की घटना, दो जने गंभीर रूप से घायल

Kolkata West Bengal

बेलगाम ट्रक ने चार को रौंद डाला

कोलकाता

दक्षिण 24 परगना जिले के उस्ती इलाके में रविवार की शाम एक बेलगाम ट्रक ने सडक़ के किनारे बस के इंतजार में खड़ी तीन महिलाओं समेत चार लोगों को कुचल कर मार डाला। हादसे में दो और महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं। कोलकाता के एमआर. बांगुर अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। चालक फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। मृतकों में तीन की पहचान श्यामली मंडल, समिता मिस्त्री और कल्पना सरदार के रूप में हुई है। कल्पना 11 वीं कक्षा की छात्रा थी। घायल हुई महिलाओं की पहचान पापिया मिस्त्री और झरना सापुई के रूप में हुई है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार हताहत श्रीचंदा इलाके में सडक़ के किनारे एक घर के सामने खड़े होकर बस का इंतजार कर रही थीं, तभी काकद्वीप की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा सीमेन्ट के बोरे से लदा ट्रक पुलिया की रेलिंग से टकरा गया। तेज रफ्तार के कारण ट्रक अनियंत्रित हो गया और बस के इंतजार में खड़ी महिलाओं को रौंदते हुए घर की दीवार से जा टकराया। वारतदात के तुरंत बाद ही चालक वाहन से कूद कर भाग निकला। घटना की खबर पाकर पुलिस पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को आमतल्ला अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने चार को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल बाकी दो जनों को प्राथमिक उपचार के बाद एम.आर.बांगुर अस्पताल स्थानांतरित कर दिया। इस घटना से श्रीचंदा इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
————-

बेहला में दुपहिया सवार को कार ने मारी टक्कर

कोलकाता

दक्षिण कोलकाता के बेहला थाना क्षेत्र में रायबहादुर रोड और जेम्स लॉग सरणी के क्रॉसिंग पर रविवार तडक़े 4:45 बजे बेलगाम कार ने दुपहिया सवार को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल दुपहिया सवार को इलाज के लिए विद्यासागर स्टेट जनरल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। घायल व्यक्ति की पहचान मानिक सेन (40) के रूप में हुई है। वह गोविन्द अड्डी रोड का निवासी है। पुलिस के अनुसार सेन को गंभीर चोट आई है। उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने भारतीय दंड विधान (भादवि) की धारा- 279/338/427 के तहत मामला दर्ज किया है। कार को जब्त कर लिया गया है। कार चालक फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो