कोलकाता

कलकत्ता मेडिकल कॉलेज में हिंसक झड़पें

कलकत्ता मेडिकल कॉलेज के गेट नंबर 5 के पास दो पक्षों के बीच रविवार को हिंसक झड़प में कम से कम 12 जने घायल हो गए। बउबाजार पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इलाके में अभी भी तनाव है।

कोलकाताOct 25, 2021 / 12:25 am

Rabindra Rai

कलकत्ता मेडिकल कॉलेज में हिंसक झड़पें

फब्तियां, छेड़छाड़ विरोध किया तो हमला
12 जने घायल, रैफ ने संभाला मोर्चा
कोलकाता. कलकत्ता मेडिकल कॉलेज के गेट नंबर 5 के पास दो पक्षों के बीच रविवार को हिंसक झड़प में कम से कम 12 जने घायल हो गए। बउबाजार पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इलाके में अभी भी तनाव है। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दोपहर साढ़े तीन बजे के करीब अचानक अस्पताल के ग्रुप डी अस्थाई कर्मियों की एक बैठक पर 12-15 लोगों ने हमला किया। सोडे से भरी बोतलें फेंकी गई। मारपीट शुरू कर दी गई। क्वार्टर निवासियों के मुताबिक बीते कई दिनों से गेट के पास मनचलों का अड्डा लगता था। आने जाने वाली लड़कियों पर फब्तियां कसी जाती। छेड़छाड़ भी की जा रही थी। रविवार की दोपहर जब उन लोगों ने मनचलों का विरोध किया तो हमला शुरू हो गया। हमले में घायल लोगों का अस्पताल में ही इलाज चल रहा है।

वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
तनाव और हिंसा की खबर पाकर अतिरिक्त पुलिस बल अस्पताल परिसर के पास पहुंचा। डीसी सेन्ट्रल समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी रैफ को लेकर पहुंचे। उपद्रवियों को खदेड़ा गया।

फायरिंग का भी आरोप
स्टॉफ क्वार्टर के निवासियों के मुताबिक हमलावरों ने डराने के लिए कई राउंड फायरिंग भी की। हालांकि पुलिस ने अब तक इसकी पुष्टि नहीं की है। वहीं हिंसा के दौरान गेट नंबर पांच के आसपास खड़े कई वाहनों में भी तोडफ़ोड़ की गई। ईडन रोड के पास फैली हिंसा से आसपास के इलाकों में अफरातफरी मच गई।

दोनों गुटों के राजनीतिक लिंक
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक हिंसा का कारण पियाल चौधरी समर्थक विकी अली और 47 नंबर वार्ड के पूर्व पार्षद पति बिमल सिंह के समर्थकों का पुराना विवाद भी है। आरोप है कि ग्रुप डी स्टॉफ गुट के लोग रविवार को काली पूजा को लेकर बैठक कर रहे थे। उसी समय विकी अली ने अपने सहयोगियों के साथ हमला कर दिया।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.