scriptशहरी सरकार के लिए मतदान आज | Voting for city government today | Patrika News

शहरी सरकार के लिए मतदान आज

locationकोलकाताPublished: Feb 27, 2022 12:37:37 am

Submitted by:

Rabindra Rai

राज्य के 20 जिलों में फैली 108 नगरपालिकाओं में कड़ी सुरक्षा के बीच रविवार को वोट डाले जाएंगे। राज्य चुनाव आयोग तथा राज्य प्रशासन ने मतदान की तैयारी पूरी कर ली है। सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। 95.59 लाख मतदाता 8160 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। 5 विधायक समेत कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर है।

शहरी सरकार के लिए मतदान आज

शहरी सरकार के लिए मतदान आज

108 नगरपालिकाओं में 95 लाख से अधिक मतदाता चुनेंगे जनप्रतिनिधि
तृणमूल की बादशाहत को चुनौती दे पाएगा विपक्ष
कोलकाता. राज्य के 20 जिलों में फैली 108 नगरपालिकाओं में कड़ी सुरक्षा के बीच रविवार को वोट डाले जाएंगे। राज्य चुनाव आयोग तथा राज्य प्रशासन ने मतदान की तैयारी पूरी कर ली है। सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। 95.59 लाख मतदाता 8160 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। 6 विधायक समेत कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर है।

तृणमूल और विपक्ष में शक्ति परीक्षण
विधानसभा चुनाव के बाद हाल के पांच नगर निगम के चुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने विपक्ष का सूपड़ा साफ कर दिया था। बड़ा सवाल यह है कि क्या विपक्ष अब तृणमूल की बादशाहत को चुनौती दे पाएगा। शहरी सरकार के लिए सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और विपक्ष का एक बार फिर शक्ति परीक्षण होगा। तृणमूल की राह में निर्दलीय रूपी उम्मीदवार कांटे हैं तो विपक्ष की संगठनात्मक कमजोरी जगजाहिर है।

तृणमूल का 107 पालिकाओं पर कब्जा
जानकारी के अनुसार दक्षिण 24 परगना की जयनगर-माजिलपुर को छोड़कर तृणमूल कांग्रेस ने पिछली बार 107 पालिकाओं में जीत हासिल की थी। इस बार जहां पार्टी के लिए इन पर कब्जा बरकरार रखना चुनौती है तो विपक्ष के लिए इन पालिकाओं में अपना जनाधार साबित करने का इम्तिहान है।

पार्षद के लिए ये विधायक मैदान में
दक्षिण 24 परगना, महेशतला नगरपालिका – दुलाल चंद्र दास (तृणमूल)
जलपाईगुड़ी जिला – शंकर घोष (भाजपा)
मुर्शिदाबाद, बहरमपुर- सुब्रत मैत्रा (भाजपा)
बांकुड़ा – निलाद्री शेखर दाना (भाजपा)
खडग़पुर- हिरणमय चट्टोपाध्याय (भाजपा)
कांथी नगरपालिका – अरूप दास (भाजपा)

3 वार्डों में वोटिंग नहीं
उत्तर 24 परगना जिले की भाटपाड़ा, दमदम और दक्षिण दमदम नगर पालिका के 3 वार्डों में रविवार को मतदान नहीं होगा। भाटपाड़ा के 3 नंबर वार्ड में माकपा उम्मीदवार की मौत के बाद यह फैसला किया गया।

कुल 2,277 वार्ड ,10813 बूथ
कुल 8,160 उम्मीदवारों में तृणमूल कांग्रेस के 2,258, भाजपा के 2,021, माकपा के 1,588, कांग्रेस के 965, निर्दलीय 843, फारवर्ड ब्लाक के 117, आरएसपी के 76, बसपा के 30, भाकपा के 99 और अन्य 160 उम्मीदवार हैं। 108 नगरपालिकाओं में कुल 2,277 वार्ड हैं। इसके लिए 10813 बूथ तैयार किए गए हैं।

ट्रेंडिंग वीडियो