कोलकाता

गर्मी सर पर उस पर दूषित पेयजल कहीं बना न दे बीमार

दूषित पानी पीने को मजबूर रिसड़ा वार्ड 9 के बाशिंदे-पार्षद पर लगाया अनदेखी का आरोप—-बोले स्थानीय निवासी, पेयजल आपूर्ति के दौरान 1 साल से निकल रहा कचरा

कोलकाताFeb 23, 2019 / 03:43 pm

Shishir Sharan Rahi

गर्मी सर पर उस पर दूषित पेयजल कहीं बना न दे बीमार

 
हुगली. रिसड़ा नगरपालिका के वार्ड 9 के निवासी पेयजल में कचरे आने की शिकायत लंबे समय से कर रहे हैं। पालिका मरम्मत पूरी होने की बात कह रही है। समस्या अभी भी बने होने का दावा किया जा रहा है। पार्षद पर अनदेखी के आरोप लग रहे हैं। पालिका के चेयरमैन ने समस्या के समाधान की बात कही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वार्ड में पेयजल आपूर्ति के दौरान साल भर से कचरा निकल रहा है। बार-बार इसकी शिकायत स्थानीय पार्षद से करने के बावजूद पेयजल संबंधित समस्याओं की अनदेखी की गई। आलम यह है कि स्थानीय निवासी दूषित पेयजल पीने को मजबूर हैं? इसके कारण हैजा, डायरिया सहित अनेक संक्रामक रोगों की चपेट में लोगों के आने का खतरा उत्पन्न हो गया है। पालिका का वार्ड 9 हिन्दी बाहुल्य क्षेत्र है और यहां के पार्षद भी हिन्दी भाषी हैं इसके बाबजूद इस वार्ड में दूषित पेयजल समस्या का निवारण नहीं किया गया।
——वार्ड वासियों की जुबानी
लंबे अर्से से इलाके में दूषित पेयजल की समस्या है। इलाके में नगरपालिका के तरफ से सौन्दर्यीयकरण का काम हुआ लेकिन मुख्य समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया।

सरोज कुमार यादव, वार्ड 9 के निवासी
आपूर्ति होने वाले पेयजल से कचरा निकलता है जिसे न चाहकर भी मजबूरन लोगों को पीना पड़ता है।

प्रमोद कुमार चौहान, वार्ड वासी

इलाके केनलों में दूषित जल की आपूर्ति हो रही है। स्थानीय पार्षद से कई बार शिकायत की गई। चेयरमैन ने कई बार पाइप की मरम्मत जरूर कराई पर समस्या जस की तस। गर्मी की शुरुआत हो चुकी है। समस्या का निपटारा न हुआ तो आने वाले दिनों में लोग पेयजल संबंधित बिमारियों का शिकार हो सकते हैं।
देवेंद्र साव, वार्ड वासी

दूषित पेयजल की शिकायत करने पर पार्षद जनता से ही नाराजगी भरे लहजे में सवाल-जवाब करते हैं। शिकायतकर्ता पर दबाव बनाते हैं ताकि जनता अपनी आवाज बुलंद नहीं कर सके।
सावित्री देवी- वार्ड वासी
—-इनका कहना है….

किसी भी वार्ड में पेयजल सम्बंधित कोई भी समस्या उनके संज्ञान में नहीं है और न ही इसकी लिखित शिकायत उनके पास दर्ज हुई। राजस्थान पत्रिका के माध्यम से उन्हें समस्या की जानकारी मिली है। नगरपालिका की टीम वार्ड का सर्वे करेगी। पेयजल सम्बंधित कोई समस्या वार्ड में मिली तो उसका तत्काल निवारण किया जाएगा। उनके लिए जनता सर्वोपरि है जनता की समस्या जनसेवक की समस्या है।
विजय सागर मिश्रा, चेयरमैन, रिसड़ा नगरपालिका

वार्ड में दूषित पेयजल की समस्या कुछ दिनों पहले थी। कुछ पुरानी पाइप जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई थी। इससे यह समस्या उत्पन्त हुई लेकिन इसका समाधान कर दिया गया है। सभी पाइप लाइन की मरम्मत कर दी गई है, फिलहाल इलाके में दूषित पेयजल की समस्या नहीं। कुछ लोग बेवजह किसी राजनीतिक दल के बहकावे में आकर गलत दोषारोपण कर रहे हैं। यदि कोई समस्या है तो लिखित में शिकायत की जाए और उसका तत्काल निवारण किया जाएगा।
उषा देवी साव, पार्षद वार्ड नंबर ६

 
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.