कोलकाता

West Bengal: भाजपा कार्यकर्ता की पीट-पीटकर हत्या

– आरोप तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों पर- इलाके में तनाव, पुलिस की गाड़ी में तोडफ़ोड़

कोलकाताJun 22, 2019 / 11:00 pm

Ashutosh Kumar Singh

West Bengal: भाजपा कार्यकर्ता की पीट-पीटकर हत्या

कोलकाता
भाटपाड़ा खूनी हिंसा को लेकर मचा बवाल अभी थमा भी नहीं कि उत्तर 24 परगना जिले के आमडांगा में भाजपा के एक कार्यकर्ता की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई (BJP worker beaten to death)। आरोप तृणमूल कांग्रेस के कार्यकताओं पर है। घटना को लेकर इलाके में तनाव का माहौल व्याप्त है। भडक़े लोगों ने पुलिस पर पथराव किया एवं पुलिस की गाडिय़ों में तोडफ़ोड़ की। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस ने बल का प्रयोग किया। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस की तैनाती की गई है। मृतक का नाम नजीमूल करीम बताया जा रहा है। नजीमूल पहले माकपा का समर्थक था। कुछ महीना पहले भाजपा में शामिल हुआ था। शुक्रवार शाम वह बहीसगाछी बाजार में जब डॉक्टर के पास गया था, तभी कथित तृणमूल समर्थकों ने उस पर हमला कर दिया। लाठी-डंडे से उसे बेरहमी से मारा-पीटा गया। गंभीर हालत में उसे पहले आमडांगा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बारासात स्टेट जनरल अस्पताल स्थानांतरित कर दिया। स्थिति गंभीर देख वहां से नजीमूल को कोलकाता के आरजी कर अस्पताल स्थानांतरित कर दिया गया, जहां शनिवार सुबह उसकी मौत हो गई।
घटना की खबर पाकर भाजपा सांसद अर्जुन सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों से बातचीत की। सिंह ने आरोप लगाया है कि तृणमूल समर्थकों ने नजीमूल की हत्या की है। लोकसभा चुनाव में हार को लेकर तृणमूल कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता बौखला गए हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या कर रहे हैं।
तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय नेता शौकत अली ने कहा कि व्यक्तिगत दुश्मनी के कारण वारदात हुई है। यह राजनीतिक हत्या नहीं है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.