कोलकाता

पश्चिम बंगाल : एक करोड़ की कोकीन के साथ नाइजीरियाई गिरफ्तार

– नारकोटिक कन्ट्रोल ब्यूरो ने सिटी सेंटर २ से दबोचा

कोलकाताJan 05, 2018 / 05:26 pm

Vanita Jharkhandi

 

– पेट में रखकर विदेशी लाता था कोकीन

कोलकाता . मादक पदार्थ नियन्त्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने गुरुवार शाम महानगर के न्यू टाउन के सिटी सेंटर २ से गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम केविन एडवर्ड जेम्स (२८) है। वह मुम्बई से कोलकाता आया था। उसे कोकीन किसी और को सौंपनी थी। एनसीबी के निदेशक दिलीप श्रीवास्तव ने शुक्रवार को बताया कि केविन गुरुवार की शाम इंडिगो एयरलाइन्स से कोलकाता पहुंचा था। उसके पास से 170 ग्राम कोकीन जब्त की गई। श्रीवास्तव ने बताया कि 170 ग्राम कोकीन की कीमत लगभग एक करोड़ रुपए है। उसने काले रंग के कैप्सूल में कोकीन को रखा था। हर कैप्सूल 45 ग्राम का था। ऐसे कुल 30 कैप्सूल बरामद किए गए। इसके साथ ही 125 ग्राम सफेद रंग का मादक पाउडर का पैकेट भी जब्त किया गया।
पिछले साल आया था भारत

सूत्रों के अनुसार केविन दिल्ली हवाई अड्डे से भारत गत 23 सितम्बर को आया था। एक नाइजीरियाई ने मुम्बई में उसे कोकीन दी थी। जॉन उर्फ टोनी ने कोकीन देकर कोलकाता में तस्करी के लिए भेजा था। केविन को अंदाजा नहीं था कि एनसीबी अधिकारियों को उसके बारे में जानकारी है। गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है।
निगल लेता था पेट में
केविन ने बताया कि वह विदेशों से मादक पदार्थों को निगल कर पेट में रखकर लाता था। उसे भारत के विभिन्न राज्यों में बेचा जाता था। स्थानीय बाजार में एक ग्राम कोकीन की कीमत 60 हजार रुपए है।
बढ़ रही तस्करी
इससे पहले भी हवाई अड्डे से एक महिला को गिरफ्तार किया गया था। उसे भी कोकीन कोलकाता में किसी को सौंपना थी। अधिकारी ने बताया कि राज्य में मादक पदार्थों की तस्करी बढ़ रही है। गिरोह का पता लगाने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। इससे पहले नए साल पर मादक पदार्थों के बाजार में फैलने से रोकने के लिए एनसीबी मुस्तैदी से जुटी हुई है।

Home / Kolkata / पश्चिम बंगाल : एक करोड़ की कोकीन के साथ नाइजीरियाई गिरफ्तार

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.