scriptTMC Leader Killed: बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की नेता के पति की गोली मारकर हत्या | West Bengal: Trinamool Congress leader shot dead in Bengal | Patrika News

TMC Leader Killed: बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की नेता के पति की गोली मारकर हत्या

locationकोलकाताPublished: Jun 29, 2019 09:56:30 pm

बंडेल स्टेशन पर दिनदहाड़े पीछे से मार दी सिर में गोली

kolkata West Bengal

TMC Leade Killed: बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की नेता के पति की गोली मारकर हत्या

कोलकाता

पश्चिम बंगाल (West Bengal) में राजनीतिक हिंसा (Political Violence) थमने का नाम नहीं ले रही है। हुगली जिले के बंडेल स्टेशन पर शनिवार दिनदहाड़े तृणमूल कांग्रेस (TMC) की पंचायत प्रधान प्रधान नीतू राम के पति (Husband) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक का नाम दिलीप राम है। दिलीप चुंचड़ा के विधायक असीत मजूमदार के बेहद करीबी थे। तृणमूल कांग्रेस ने हत्या के पीछे भाजपा नेताओं का हाथ होने का आरोप लगाया है। जिला भाजपा इकाई के नेताओं ने आरोप को झूठा बताया है। घटना को लेकर इलाके में तनाव का माहौल है। जिला तृणमूल कांग्रेस इकाई ने घटना के खिलाफ रविवार को चुंचुड़ा में 24 घंटे का बंद बुलाया है। इस हत्या के पीछे बीजू पासवान समेत कुछ लोगों का हाथ होने का संदेह जताया है। नीतू का आरोप है कि बीजू ने उनके पति को जान से मारने की धमकी दी थी।
बंडेल के लीचू बागान इलाका निवासी दिलीप रेलवे कर्मचारी थे। नैहट्टी में पदस्थ थे। हर दिन की तरह शनिवार सुबह घर से ड्यूटी पर जाने के लिए निकले थे। रेल गेट पार कर जैसे ही वे ट्रेन पकडऩे के लिए ५ नम्बर प्लेटफॉर्म पर जा रहे थे। अपराधियों ने पीछे से सिर में गोली मार दी। इलाज के लिए कोलकाता लाते समय रास्ते में उनका दम टूट गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए चुंचुड़ा इमामबाड़ा अस्पताल भेजा है। समाचार लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी। इससे पहले हुगली के हरीशचौक में तृणमूल कांग्रेस के एक कार्यकर्ता की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। लोकसभा चुनाव नतीजे के बाद लगातार हो रही राजनीतिक हत्याओं का आधिकारिक आंकड़ा तो नहीं है लेकिन खबरों के मुताबिक 18 से 20 लोगों की हत्या हो चुकी है। इनमें तृणमूल और भाजपा के कार्यकर्ता शामिल हैं।
—–
इनका कहना है

वारदात के पीछे भाजपा समर्थित अपराधियों का हाथ है। लोकसभा चुनाव के समय से ही भाजपा नेता और कार्यकर्ता इलाके में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान दिलीप की भाजपा नेताओं से कहासुनी हुई थी।
तपन दासगुप्ता, जिलाध्यक्ष, तृणमूल कांग्रेस

इस हत्या से भाजपा का कोई वास्ता नहीं है। भाजपा हिंसक राजनीति में विश्वास नहीं करती। यह तृणमूल कांग्रेस के आपसी विवाद का परिणाम है।

सुबीर नाग, जिलाध्यक्ष, भाजपा (संगठन)
—-

मामले की जांच की जा रही है। अभी तक मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
अखिलेश चतुर्वेदी, सीपी, चंदननगर
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो