scriptकिसकी गोली से मरे छात्र, धुंध बरकरार | Who has killed students by bullet | Patrika News

किसकी गोली से मरे छात्र, धुंध बरकरार

locationकोलकाताPublished: Sep 21, 2018 10:36:19 pm

Submitted by:

Manoj Singh

सरकार, विपक्ष और गांव वालों में आरोप-प्रत्यारोप शुरू, भाजपा ने की सीबीआई जांच की मांग

kolkata West Bengal

किसकी गोली से मरे छात्र, धुंध बरकरार

छात्रों का आंदोलन जायज था। विद्यार्थी स्कूल में विज्ञान, गणित, भूगोल और अन्य विषयों के शिक्षकों की मांग कर रहे थे और लेकिन सरकार ने उर्दू और संस्कृत के शिक्षक नियुक्त कर दिए। आंदोलन में छात्र-छात्राएं, अभिभावक, पूर्व छात्र-छात्राएं और स्थानीय लोग शामिल थे। लोगों को आंदोलन पर उतारू होने के लिए राज्य सरकार जिम्मेदार है।
कोलकाता.

उत्तर दिनाजपुर जिले के इस्लामपुर दाड़ीभीटा स्कूल के आंदोलनरत छात्रों पर गुरुवार को किसने गोली चलाई और किसकी गोली से दो छात्रों कर मौत हुई, शुक्रवार को भी यह साफ नहीं हो पाया। विपक्षी दलों और स्थानीय लोगों ने पुलिस फायरिंग में छात्रों की मौत होने का आरोप लगाया। भाजपा ने मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की। पुलिस ने छात्रों पर गोली चलाने की बात से इनकार करते हुए बाहरी लोगों के हाथ होने का आरोप लगाते हुए जांच शुरू की। राज्य के शिक्षामंत्री पार्थ चटर्जी ने गोली काण्ड में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के हाथ होने का आरोप लगाया।
दिलीप घोष ने कहा कि इस्लामपुर में पुलिस की गोली से ही दो छात्रों की मौत हुई है और एक गंभीर रूप से घायल है। मरने वाले में एक अभाविप का सदस्य है, वह स्कूल का पूर्व छात्र था। पार्टी पूरे मामले की सीबीआई से जांच की मांग करती है। उन्होंने कहा कि छात्रों का आंदोलन जायज था। विद्यार्थी स्कूल में विज्ञान, गणित, भूगोल और अन्य विषयों के शिक्षकों की मांग कर रहे थे और लेकिन सरकार ने उर्दू और संस्कृत के शिक्षक नियुक्त कर दिए। आंदोलन में छात्र-छात्राएं, अभिभावक, पूर्व छात्र-छात्राएं और स्थानीय लोग शामिल थे। लोगों को आंदोलन पर उतारू होने के लिए राज्य सरकार जिम्मेदार है।
माकपा नेता सुजन चक्रवर्ती ने कहा कि घटना के राज्य सरकार जिम्मेदार है। स्कूली बच्चे जायज मांग कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन पर गोली चला दी। उन्होंने कहा कि बच्चों और स्कूल की आवश्यकता के हिसाब से शिक्षकों की नियुक्ति क्यों नहीं की गई। टेट में गड़बड़ी होने के कारण शिक्षकों की नियुक्ति नहीं हुई है और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी विदेश में जा कर पियानो बजा रही हैं।
मृत छात्र राजेश सरकार के पिता ने आरोप लगाया कि पुलिस ने बंदूक में साइलेंसर लगा कर गोली चलाई है। राजेश सरकार के भाई ने कहा कि पुलिस उसकी बहन को लाठी से मार रही थी, जब वह उसे बचाने गया तो पुलिस ने उसे गोली मार दी। गांव के लोगों ने भी पुलिस की ओर से गोली चलाए जाने का आरोप लगाया। स्थानीय बापी सरकार ने कहा कि अगर गोली चलाने वाले बाहरी लोग थे। तो पुलिस उन्हें जानती होगी, क्योंकि गोली पुलिस की ओर से चली है।
जिला पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने कहा कि पुलिस की बंदूक से गोली नहीं चली है। यह काम बाहरी लोगों का है। पुलिस सात लोगों से इस मामले में पूछताछ कर रही है।

शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी ने कहा कि इस घटना के पीछे आरएसएस का हाथ है। छात्रों की मौत के बाद भाजपा राजनीति कर रही है। इसमें जो भी दोषी पाया जाएगा उसे छोड़ा नहीं जाएगा।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो