scriptममता ने भाजपा क्यो कहा आतंकी संगठन | Why Mamta called BJP a "militant organisation " | Patrika News

ममता ने भाजपा क्यो कहा आतंकी संगठन

locationकोलकाताPublished: Jun 21, 2018 08:28:26 pm

Submitted by:

MANOJ KUMAR SINGH

दिल्ली की सत्ता में है इस लिए एनकाउंटर की दे रहे है धमकी

kolkata west bengal

ममता ने भाजपा क्यो कहा आतंकी संगठन

कहा, ईसाई और मुस्लिम ही नहीं, हिन्दुओं के बीच झगड़े करवा रही है भाजपा
तृणमूल कोर कमेटी की बैठक में भाजपा को दी हमले करने की चुनौती
कोलकाता
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को भाजपा पर बड़ा आरोप लगाते हुए पार्टी को एक आतंकी संगठन करार दिया। उस पर विभिन्न साम्प्रदायों सहित हिन्दुओं में फूट डाल कर उन्हें आपस में लड़ाने का आरोप लगाया, एनकाउंटर करवाने संबंधित प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष के बयान की कड़ी निंदा की और उन्हें चुनौती भी दी।
पिछले दिनों दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल के समर्थन में भाजपा और केन्द्र सरकार के खिलाफ गोलबंदी करने के बाद भाजपा से कटुता बढ़ाते हुए इस दिन ममता बनर्जी ने कहा कि हम भाजपा की तरह आतंकी संगठन नहीं है। वे (भाजपा के नेता) घमंडी और असहिष्णु हैं। वे मुस्लिमों, ईसाइयों और सिखों को नापसंद करते हैं। वे न सिर्फ ईसाई, मुस्लिमों को लड़वा रहे हैं बल्कि हिंदुओं के बीच भी दरार डाल रहे हैं। वे लोगों को पीट-पीट कर मार रहे हैं। वे कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में तृणमूल कांग्रेस की वृहद कोर कमेटी की बैठक में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ईवीएम से छेड़छाड़ कर बंगाल में अपने वोट प्रतिशत बढ़ा रही है।
ममता बनर्जी इस दिन प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पर बरसीं। तृणमूल प्रमुख ने कहा, भाजपा नेता एनकाउंटर करवाने की धमकी दे रहे हैं, क्योंकि वे दिल्ली की सत्ता में हैं। वे बम फेंकने की बात कह रहे हैं। ममता ने कहा कि भाजपा नेता के इस बयान को एक चुनौती के रूप में ले रही हूं। हिम्मत है तो वे ऐसा करें, हम उन्हें उनकी जगह दिखा देंगे। ममता ने आरोप लगाया कि भाजपा, कांग्रेस तथा माकपा ने राज्य में माओवादियों से हाथ मिला लिया है।
क्या कहा था भाजपा नेता ने
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने गत मंगलवार को कहा था कि अब उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस का कोई जुल्म बर्दाश्त नहीं करेगी। अब हम उन्हें बम के बदले बम और बंदूक के बदले बंदूक से जवाब देंगे। अब वो दिन आ रहा है जब हम गिन गिन कर एक एक गोली का जवाब देंगे। केष्टो और कृष्ण कोई भी नहीं बचेगा।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो