scriptगृहणी की संदिग्ध हालत में मौत | woman die in home with suspense | Patrika News

गृहणी की संदिग्ध हालत में मौत

locationकोलकाताPublished: Nov 17, 2018 10:32:46 pm

Submitted by:

Nirmal Mishra

– ससुराल वालों पर लगा हत्या का आरोप- दहेज को लेकर किया जाता था प्रताडि़त

kolkata

गृहणी की संदिग्ध हालत में मौत

हावड़ा
उलूबेडिय़ा थाना इलाके के माधवपुर में संदिग्ध हालत में गृहणी की मौत हो गई। उसे मृत अवस्था में उलूबेडिय़ा अस्पताल में छोडक़र पति व ननद फरार हो गए। मृतका का नाम पापड़ी गोड़ा(१९)है। वह हुगली जिले के जंगीपाड़ा निवासी थी।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार की रात को उसके सुसराल वालों ने मायके में फोन कर इस बात की सूचना दी, कि वह उलूबेडिय़ा अस्पताल में भर्ती थी, जहां उसकी मौत हो गई है। जानकारी मिलने पर उसकी मां रीता चक्रवर्ती अस्पताल पहुंची तो उसे स्ट्रेचर पर मृत देखा। चिकित्सकों ने बताया कि उसे मृत अवस्था में ही अस्पताल लाया गया था।
रीता चक्रवर्ती का आरोप है कि ससुराल वाले उसे शादी के बाद से ही दहेज लाने का दबाव बनाते थे। उस पर मानसिक व शारीरिक अत्याचार किया जाता था। उसने इस बात की जानकारी मायकेवालों को दी थी। हर बार मायके वाले ससुराल वालों को कुछ न कुछ समान देकर उसपर अत्याचार न करने की बात कहते थे। लेकिन उनकी बात नहीं मानी जाती थी। रीता चक्रवर्ती ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या कर उसके ससुराल वाले अस्पताल में उसका शव रखकर फरार हो गए। घटना के बाद से मृतका के पति व ससुरालवाले घर में ताला बंद कर फरार हो गए हैं।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार उलूबेडिय़ा के माधवपुर निवासी व स्वर्णाभूषण कारीगर प्रतिक गोड़ा ने पापड़ी से फेसबुक पर प्यार होने के बाद पारिवारिक रजामंदी से शादी रचाई थी। वह हैदराबाद में काम करता था। इन दिनों घर आया था।
स्थानीय लोगों ने बताया कि शादी के बाद से ही पापड़ी पर ससुराल वाले दहेज की मांग कर तरह तरह के अत्याचार करते थे। घर में लड़ाई झगड़े की आवाज अक्सर सुनाई देती थी। स्थानीय लोगों ने भी विरोध जताया था। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए जगह जगह तलाश की जा रही है। मृतका के शव का पोस्टमार्टम मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में किया जाएगा। उसके परिजनों ने दहेज उत्पीडऩ व हत्या का आरोप लगाया है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो