लैंको प्लांट में यह खूनी हादसा शुक्रवार सुबह लगभग 8.15 बजे की बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने बताया कि ग्राम कोथारी में रहने वाला दुर्गेश धौये उम्र 45 वर्ष लैंको के अधीन नियोजित ठेका कंपनी पीईएसपीएल में काम करता था। शुक्रवार की सुबह ड्यूटी गया था। प्लांट में बॉयलर पर चढ़कर काम कर रहा था। इस बीच संतुलन बिगड़ गया। मजदूर नीचे गिर गया। गंभीर चोट आने से दुर्गेश की मौत हो गई। प्लांट के भीतर खूनी हादसे की खबर तेजी से फैली। मजदूर घटनास्थल पर पहुंचे। मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता और कंपनी में काम देने की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। नाराज मजदूरों ने प्लांट में काम बंद कर दिया। इससे संयंत्र में कार्य प्रभावित हुआ।
इसकी सूचना पर प्रबंधन के आला अधिकारी पहुंचे। पुलिस को भी अवगत कराया गया। मजदूर मृतक के परिवार के लिए 50 लाख रुपए का मुआवजा मांग रहे थे। इसे लेकर शाम तक गतिरोध बना हुआ था। कंपनी की ओर से मृतक के परिवार को 10 लाख रुपए मुआवजा देने पर सहमति जताई गई। साथ ही मृतक के पुत्र को ठेका कंपनी ने अपने अधीन कार्य पर रखने का आश्वासन दिया। इसके बाद मामला शांत हुआ। आर्थिक सहायता राशि का भुगतान २१ फरवरी को कंपनी की ओर से की जाएगी।