scriptमासूम की हत्या कर दंपति ने फांसी का फंदा लगाकर की खुदकुशी | Korba couple commits suicide after killing a one year old girl | Patrika News

मासूम की हत्या कर दंपति ने फांसी का फंदा लगाकर की खुदकुशी

locationकोरबाPublished: Jun 14, 2020 11:20:36 am

Submitted by:

Ashish Gupta

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां डेढ़ साल की बेटी की हत्या कर माता-पिता ने फांसी लगाकर खुदकुशी (Couple Commits Suicide) कर ली।

korba_crime.jpg

मासूम की हत्या कर दंपति ने फांसी का फंदा लगाकर की खुदकुशी

कोरबा. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां डेढ़ साल की बेटी की हत्या कर माता-पिता ने फांसी लगाकर खुदकुशी (Couple Commits Suicide) कर ली। मृतक अपनी पत्नी बच्ची के साथ परिवार से अलग रहता था। घटना का कारण पारिवारिक कलह व पति-पत्नी के बीच अक्सर होने वाले विवाद को बताया जा रहा है।
घटना दीपका थाना क्षेत्र के ग्राम गांधी नगर सिरकी की है। यहां रहने वाले अशोक कुमार रात्रे उम्र 28 साल ने पत्नी रागिनी रात्रे उम्र 24 वर्ष और डेढ़ साल की बेटी ईशी के साथ फांसी के फंदे से लटकर जान दे दिया। घटना का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है। लेकिन प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि पति-पत्नी के रिश्ते ठीक नहीं थे। दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। शुक्रवार की रात भी दोनों के बीच विवाद होने की जानकारी पुलिस को मिली है।
अशोक रात्रे के पिता वंशराम रात्रे एसईसीएल कर्मचारी हैं। वंशराम अपनी पत्नी के साथ दीपका के सरकारी आवास में रहते हैं। जबकि वंशराम के दो पुत्र अशोक रात्रे और अमित रात्रे दीपका के गांधी नगर सिरकी बसाहट में रहते थे। दोनों भाईयों के बीच का रिश्ता भी ठीक नहीं था। दोनों एक-दूसरे से अलग रहते थे। उनके बीच बहुत कम बातचीत होती थी। शुक्रवार की रात अशोक अपनी पत्नी और बेटी को लेकर कमरे में सोने चला गया।
शनिवार सुबह अमित की नींद खुली। उसके दरवाजे पर भाभी रागिनी का पर्स, आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज थे। यह देखकर अमित को आश्चर्य हुआ। उसने पड़ोस में रहने वाले बड़े भाई अशोक के दरवाजे को खटखटाया। लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। अमित को अनहोनी की आशंका हुई। आसपास के लोगों को बुलाया। उसने मेन दरवाजे के पास स्थित एक छेद से झांक कर देखा तो भाई अशोक की लाश फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी। उसने घटना की जानकारी आसपास के लोगों को दी। पुलिस को अवगत कराया गया। सूचना पर दीपका थानेदार टांडेकर अन्य स्टॉफ के साथ मौके पर पहुंचे। दर्री सीएसपी भी घटना स्थल पहुंचे।

दरवाजा तोड़कर भीतर घुसी पुलिस, शवों को निकाला गया बाहर
घटना स्थल पर पहुंचकर पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। सीढ़ी मंगाकर दीवार पर लगाया गया। रोशनदान से झांककर पुलिस ने देखा तो मकान के भीतर एक शव लटका हुआ दिखा। स्थानीय लोगों की मदद से मकान का दरवाजा तोड़ा गया। दरवाजे के ठीक सामने डेढ़ साल की ईशी की लाश फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी। ईशी के पास ही अशोक की लाश भी पंखे के सहारे कमरे में लटकी मिली। पुलिस भीतर घुसी तो दूसरे कमरे में रागिनी की लाश फंदे पर लटकी मिली। पुलिस ने तीनों के शव को फंदे से उतारकर बाहर निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। दीपका थाने में पुलिस ने मर्ग कायम किया है। मामले की जांच चल रही है।

पुलिस को आशंका पहले पत्नी ने की होगी खुदकुशी
मकान में परिवार के तीन सदस्यों के खुदकुशी की खबर सुनकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। लोग बड़ी संख्या में घटना स्थल पहुंचे। लोग यह जानने की कोशिश कर रहे थे कि शुक्रवार की रात पति पत्नी के बीच ऐसा क्या हुआ कि बच्ची की साथ उन्हें खुदकुशी करनी पड़ी। पुलिस भी इस सवाल का जवाब तलाश रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि इस पर अभी कुछ बोलना जल्दबाजी होगी।

लेकिन पुलिस ने बताया कि शुक्रवार की रात अशोक के घर में खाने के लिए मछली बना था। कमरे के अंदर की दृश्य को देखकर पुलिस को आशंका कि खाने के दौरान ही पति पत्नी के बीच विवाद हुआ होगा। इसके बाद पत्नी रागिनी ने कमरे में फांसी लगा ली होगी। यह देखकर अशोक डर गया होगा। उसने बेटी ईशी को मारकर फंदे पर झूला दिया होगा और फिर खुद भी झूल गया होगा। भीतर के मंजर को देखकर पुलिस का कहना है कि परिवार ने आधा ही खाना खाया होगा। तब तक विवाद चालू हो गया होगा।
पिता को सुबह आठ बजे मिली बेटे के खुदकुशी की खबर
जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटना स्थल पर पहुंचे थे। घटना को लेकर आपस में चर्चा कर रहे थे। अशोक के पिता वंशराम ने बताया कि शुक्रवार की रात वे दीपका कॉलोनी में ठहरे थे। सुबह घर ढलाई के लिए कुसमुंडा इमलीछापर बांस बल्लियां लेने जा रहे थे। इस बीच अमित ने पिता को कॉल करके अशोक के खुदकुशी की खबर दी। यह सुनकर पिता रास्ते से ही घर लौट गए।
दर्री सीएसपी खोमन लाल सिन्हा ने कहा, दीपका के ग्राम सिरकी में डेढ़ साल की बच्ची के साथ पति-पत्नी की लाश कमरे के भीतर फांसी के फंदे पर मिली है। घटना का कारण पारिवारिक कलह बताई जा रही है। पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होने की जानकारी मिली है। मृतक अपनी पत्नी और बेटी के साथ परिवार से अलग रहता था। मर्ग कायम कर जांच चल रही है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो