कोरबा

ठेका कंपनी केजेसीएल में मजदूर की मौत, नाराज कामगारों ने किया हंगामा

एसईसीएल के अधीन गेवरा प्रोजेक्ट में कार्यरत ठेका कंपनी केजेसीएल के ड्राइवर की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। इससे नाराज मजदूरों ने काम बंद कर ठेका कंपनी की साइड पर हंगामा किया। मृतक के परिवार ने ठेका कंपनी पर कर्मचारियों को मानसिक तौर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता की मांग किया।

कोरबाNov 28, 2022 / 01:35 pm

Rajesh Kumar kumar

ठेका कंपनी केजेसीएल में मजदूर की मौत, नाराज कामगारों ने किया हंगामा

बताया जाता है कि कान्हा बलराम यादव आउटसोर्सिंग कंपनी केजेसीएल के अधीन गेवरा खदान में ड्राइवरी का काम करता था। शनिवार की रात ड्यूटी पर था। काम के दौरान बलराम की तबीयत खराब हो गई। उसने बेचैनी और घबराहट की शिकायत की। बलराम को पसीना हो रही थी। सहयोगियों ने इसकी जानकारी ठेका कंपनी के अधिकारियों को दिया।
बलराम को आनन फानन में नेहरू शताब्दी अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान बलराम की मौत हो गई। मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। आशंका है कि उसकी मौत हार्टअटैक से हुई होगी। रविवार की सुबह ठेका मजदूरों को बलराम के मौत की सूचना मिली।

इससे मजदूर नाराज हो गए। उन्होंने काम बंद कर दिया। मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग करने लगे। इससे विवाद बढ़ने लगा। सूचना पर भू- विस्थापितों के साथ साथ छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के समर्थक भी पहुंच गए।

 

 

काम ठप होने पर एसईसीएल के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। मजदूरों ने मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता राशि और परिवार के एक सदस्य को कंपनी में रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की। मजदूर 50 लाख रुपए आर्थिक सहायता की मांग कर रहे थे। जबकि ठेका कंपनी यह राशि देने के लिए तैयार नहीं हुई। इसे लेकर मजदूरों ने आक्रोश जताया। काफी कोशिश के बाद ठेका कंपनी की ओर से मृतक के परिवार को पांच लाख रुपए आर्थिक सहायता राशि देने की घोषणा की गई। इसके बाद मामला शांत हुआ। मजदूर काम पर लौट गए।

https://www.dailymotion.com/embed/video/x8fvvuy

परिवार ने मानसिक तौर पर प्रताड़ित करने का लगाया आरोप

इधर, परिवार ने ठेका कंपनी के प्रबंधन पर मजदूरों को मानसिक तौर पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। परिवार ने कहा कि शनिवार की रात बलराम ड्यूटी नहीं जा रहा था। लेकिन प्रबंधन की ओर से दबाव डालकर काम पर बुलाया गया। उसे चेतावनी दी गई कि काम पर नहीं आने से ड्यूटी बंद कर दी जाएगी। बलराम की मौत के कारण की जांच पुलिस मर्ग कायम कर रही है।

Home / Korba / ठेका कंपनी केजेसीएल में मजदूर की मौत, नाराज कामगारों ने किया हंगामा

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.