script

लापरवाही : पहले 6 करोड़ में बिछाई पाइपलाइन, अब 4 करोड़ खर्च कर करेंगे पीछे शिफ्ट

locationकोरबाPublished: Jan 14, 2021 07:09:34 pm

Submitted by:

CG Desk

– कोरबा में फोरलेन रोड पहले से प्रस्तावित फिर भी अधिकारियों ने की गड़बड़ी।

laprwahi.jpg
कोरबा. 6 करोड़ की लागत से पहले तो पाइपलाइन बिछाई गई। काम पूरा भी नहीं हो पाया और अब सड़क चौड़ीकरण के लिए पाइपलाइन को चार करोड़ की लागत से शिफ्ट किया जाएगा। बता दें कि सड़क चौड़ीकरण का काम पिछले तीन साल से प्रस्तावित है।
कोरबा नगर निगम ने जल आवर्धन योजना पार्ट- 2 के तहत पश्चिम क्षेत्र के बांकीमोंगरा, दर्री व सर्वमंगला नगर जोन में ओवरहेड टंकियां और पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा कर लिया है। सर्वमंगला तिराहे से इमलीछापर तक सड़क किनारे करीब छह करोड़ की लागत से पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है।
वर्तमान में इसी सड़क पर फोरलेन का निर्माण होना है। सड़क चौड़ीकरण की जद में पाइपलाइन आ गई तो अब चार करोड़ की लागत से पाइपलाइन उखाड़ी जाएगी और पीछे शिफ्ट की जाएगी। इस मामले मेे अधिकारियों की गंभीर लापरवाही सामने आई है। दरअसल फोरलेन सड़क विगत तीन वर्ष से प्रस्तावित है। शिफ्टिंग के लिए टेंडर सोमवार को जारी किया गया है।
करीब 8915 रनिंग मीटर पाइपलाइन गलत बिछाई
अधिकारियों ने करीब 8915 रनिंग मीटर पाइपलाइन गलत जगह बिछा दी। 4380 रनिंग मीटर पाइपलाइन मुख्य लाइन और 4535 रनिंग मीटर डिस्ट्रीब्यूशन पाइपलाइन को शिफ्ट किया जाएगा। इस काम में करीब तीन महीने लगेंगे। इससे प्रोजेक्ट के तहत पानी वितरण में और विलंब हो गया।
किसी अधिकारी की जवाबदारी नहीं
अधिकारियों की इस बड़ी लापरवाही पर अब तक ना तो जांच की गई है ना ही कार्रवाई। एक तकनीकी समस्या बताकर अधिकारियों ने इस मामले से पल्ला झाड़ लिया है। चार करोड़ बर्बाद करने के लिए प्रभारी अधिकारी से भी जवाब नहीं मांगा गया है।
पाइपलाइन को शिफ्ट किया जाएगा। करीब चार करोड़ इसकी लागत आएगी। सड़क निर्माण से पहले जल आवर्धन योजना प्रस्तावित थी।
– एस. जयवर्धन, आयुक्त, नगर निगम कोरबा

ट्रेंडिंग वीडियो