scriptVIDEO : पंचायत चुनाव में भाजपा का सुपड़ा साफ, अध्यक्ष-उपाध्यक्ष की कुर्सी पर कांग्रेस का कब्जा | Panchayat Election 2020 | Patrika News

VIDEO : पंचायत चुनाव में भाजपा का सुपड़ा साफ, अध्यक्ष-उपाध्यक्ष की कुर्सी पर कांग्रेस का कब्जा

locationकोरबाPublished: Feb 13, 2020 08:06:47 pm

Submitted by:

Vasudev Yadav

Panchayat Election : पांचों जनपद पंचायतों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव संपन्न, पोड़ी उपरोड़ा में अध्यक्ष की कुर्सी गोंगपा को मिली

पंचायत चुनाव में भाजपा का सुपड़ा साफ, अध्यक्ष-उपाध्यक्ष की कुर्सी पर कांग्रेस का कब्जा

पंचायत चुनाव में भाजपा का सुपड़ा साफ, अध्यक्ष-उपाध्यक्ष की कुर्सी पर कांग्रेस का कब्जा

कोरबा. नगरीय निकायों के बाद पंचायत चुनावों में भी भारतीय जनता पार्टी को करारी शिकस्त मिली है। जनपद पंचायत चुनाव में भाजपा का सुपड़ा साफ हो गया है। जिले की सभी जनपदों में कांग्रेस की जीत हुई है। कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी अध्यक्ष चुने गए हैं। पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक को छोड़कर चार जनपद पंचायतों में उपाध्यक्ष की कुर्सी भी कांग्रेस की झोली में गई है।
गुरुवार को काफी गहमागहमी के बीच पांचों जनपद पंचायतों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव संपन्न हुआ है। कोरबा, करतला, पाली और कटघोरा में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार जनपद अध्यक्ष चुने गए हैं। इस जीत से कांग्रेसी खेमा काफी उत्साहित है। चुनाव में मिली जीत को पार्टी अपनी विशेष उपलब्धि मान रही है। पार्टी का कहना है कि नगरीय निकाय और जनपद पंचातय की जीत के बाद जिला पंचायत में अध्यक्ष उपाध्यक्ष का चुनाव भी कांग्रेस जीतेगी। इसके लिए रणनीति तैयार की गई है।
यह भी पढ़ें
जनपद पंचायत डभरा के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस का कब्जा

पंचायत चुनाव में भाजपा का सुपड़ा साफ, अध्यक्ष-उपाध्यक्ष की कुर्सी पर कांग्रेस का कब्जा

हरेश कोरबा जनपद की अध्यक्ष
कांग्रेस की हरेश कंवर जनपद पंचायत कोरबा की अध्यक्ष निर्वाचित हुई हैं। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी नंदलाल उर्फ विक्की कंवर को आठ मतों से पराजित किया। नंदलाल कांग्रेसी हैं, लेकिन पार्टी ने पूर्व उप मुख्यमंत्री रेणुका कंवर की पुत्री हरेश को जनपद अध्यक्ष के लिए उम्मीदवार घोषित किया था।

भाजपा की रेणुका राठिया को महज चार मत प्राप्त हुए। एक अन्य उम्मीदवार संतोष लकड़ा को दो वोट से संतोष करना पड़ा। कौशिल्या देवी वैष्णव उपाध्यक्ष चुनी गई हैं। उन्हें 17 सदस्यों का समर्थन प्राप्त हुआ है। अध्यक्ष चुनाव हारने के बाद रेणुका ने उपाध्यक्ष पद पर भी चुनाव लड़ा, लेकिन हार मिली। उपाध्यक्ष के लिए रेणुका को सात मत प्राप्त हुए।

करतला में सुनीता अध्यक्ष, सबीना उपाध्यक्ष
कांग्रेस समर्थित सुनीता कंवर करतला जनपद की अध्यक्ष चुनी गई हैं। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी भाजपा लक्ष्मीन कंवर को आठ मतों से पराजित किया। 24 सदस्यीय जनपद पंचायत करतला में सबीना खातून को 15 सदस्यों का समर्थन प्राप्त हुआ। खातून उपाध्यक्ष निर्वाचित हुईं। उन्होंने रामेश्वर राठिया को सात मतों से पराजित किया। रामेश्वर के पक्ष में सात सदस्यों ने मतदान किया। मतगणना के दौरान एक वोट को निरस्त कर दिया गया।

कटघोरा में एक वोट से लता को मिली जीत
जनपद चुनाव में सबसे रोचक मुकाबला विकासखंड कटघोरा में देखा गया। नौ सदस्यों के समर्थन से लता कंवर नगर पंचायत कटघोरा की अध्यक्ष चुनी गई। आठ मत प्राप्त कर भाजपा के गिरजा बिंझवार दूसरे स्थान पर रही हैं। कटघोरा में उपायक्ष का चुनाव अध्यक्ष के मुकाबले कठिन रहा। यहां कांग्रेस के गोविंद कंवर और भाजपा समर्थित राम प्रसाद को आठ-आठ मत प्राप्त हुए। एक मत निरस्त हो गया। इसके बाद निर्वाचन अधिकारी ने टॉस के जरिए उपाध्यक्ष का चुनाव कराया। इसमें कांग्रेस के गोविंद कंवर की जीत हुई।

पाली में दिलेश्वरी निर्विरोध चुनी गई अध्यक्ष
जनपद पंचायत पाली में दिलेश्वरी सिदार निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हुई। कांग्रेस के ही नवीन ठाकुर उपाध्यक्ष चुने गए। पाली जनपद पंचायत में भाजपा ने अध्यक्ष पद के लिए देवी सिंह टेकाम की पत्नी ज्योति को प्रत्याशी घोषित किया था। लेकिन ज्योति ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल नहीं किया।

कांग्रेस के समर्थन से गोंगपा की संतोषी पोड़ी की अध्यक्ष बनी
गोंड़वाना गणतंत्र पार्टी की संतोषी पेन्द्रो जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा की अध्यक्ष निर्वाचित हुई हैं। अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस ने संतोषी का समर्थन किया। उन्हें नौ सदस्यों का समर्थन मिला। भाजपा के प्रताप मरावी को आठ मत प्राप्त हुए। निर्दलीय रविन्द्र को भी आठ मतों से संतोष करना पड़ा। उपाध्यक्ष की कुर्सी पर भाजपा के रामप्यारी जाखड़ को जीत मिली। उन्हें १५ सदस्यों का समर्थन प्राप्त हुआ। कांग्रेस के भोला गोस्वामी को 10 मत प्राप्त हुए।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो