scriptजांजगीर की रॉयल्टी पर्ची पर कोरबा में रेत परिवहन, कार्रवाई पर बवाल | Sand transport in Korba on royalty slip of Janjgir, uproar over action | Patrika News

जांजगीर की रॉयल्टी पर्ची पर कोरबा में रेत परिवहन, कार्रवाई पर बवाल

locationकोरबाPublished: Jan 27, 2022 06:41:01 pm

Submitted by:

Rajesh Kumar kumar

राताखार में दो ट्रैक्टर रेत जब्त करने पर कोतवाली थाना में जमकर बवाल हुआ। एक ट्रैक्टर के मालिक ने अपनी गाड़ी पर लोड रेत को कानूनी तौर पर सही बताते हुए कोतवाली थाना में हंगामा किया। खुद पर मिट्टी तेल डालकर आत्मदाह करने की धमकी देने लगा।

korba sand news

korba sand news


उसने ट्रैक्टर मालिक कादिर की हाथ से मिट्टी तेल का जेरीकेन छीन लिया। थाना में ऐसा नहीं करने के लिए कहा। हंगामा बढ़ता देख पुलिसकर्मी भी थाना पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच कार्रवाई को लेकर तीखी बहस हुई। ट्रैक्टर के मालिक ने प्रशासन के अधिकारी पर एक रेत ठेकेदार के इशारे पर गाड़ियों को जब्त करने का आरोप लगाया। वहीं प्रशासनिक अधिकारी ने अपनी कार्रवाई को जायज बताते हुए ट्रैक्टर मालिक पर सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप लगाया है। कोतवाली में शिकायत दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना मंगलवार शाम लगभग पांच बजे की बताई जा रही है। अवैध रेत खनन और परिवहन के संदेह पर नजूल विभाग के तहसीलदार पीआर सलामे ने राताखार रोड पर दो ट्रैक्टर को रोक लिया। दोनों गाड़ियों पर रेत लोड था। तहसीलदार ने रॉयल्टी की जांच की। एक ट्रैक्टर चालक के पास रॉयल्टी पर्ची नहीं थी। दूसरे ट्रैक्टर के चालक के पास एक रॉयल्टी पर्ची मिली है। इसे जांजगीर चांपा जिले की केराकछार रेत घाट से मंगलवार सुबह ९.५५ बजे जारी किया गया था। जिस समय टीम कार्रवाई कर रही थी, शाम के पांच बज गए थे।

 

पर्ची जारी होने और कार्रवाई के बीच सात घंटे का अंतराल था। ट्रैक्टर पर लोड रेत से पानी टपक रहा था। बार-बार एक ही रायल्टी पर्ची के उपयोग से रेत परिवहन की आशंका पर टीम ने इस ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। इस ट्रैक्टर पर नंबर नहीं था। टीम दोनों गाड़ियों को लेकर कोतवाली थाना पहुंची। इसकी सूचना पर दुरपा निवासी कादिर खान भी थाना पहुंचा। उसने ट्रैक्टर को छोड़ने के लिए कहा। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ।

 

प्रशासन ने कार्रवाई को जायज बताते हुए गाड़ी छोड़ने से मना कर दिया। तब कादिर थाने में हंगामा करने लगा। उसने एक जेरीकेन में रखे गए मिट्टी तेल को अपने उपर डाल लिया। आत्मदाह करने की धमकी देने लगा। इससे हंगामा खड़ा हो गया। पुलिस भी सक्रिय हुई और कादिर को पकड़ लिया। प्रशासन की ओर से अतिरिक्त तहसीलदार ने बताया कि दोनों ट्रैक्टर को जब्त किया गया है। इसे कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया गया है। कादिर पर सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप भी लगाया गया है। इसकी शिकायत थाने में दर्ज करा दी गई है।

 


शहर में रेत नहीं, अवैध खनन जोरों पर
लगभग डेढ़ साल से शहर के रेतघाट बंद हैं। लोगों को रेत नहीं मिल रहा है। इसका लाभ अवैध रेत खनन और परिवहन करने वाले लोग उठा रहे हैं। गिरोह चोरी-छिपे अलग-अलग स्थानों से रेत खोदकर शहर में ऊंची कीमत पर बेच रहा है। आजकल बरमपुर रेत घाट से सबसे अधिक अवैध रेत खनन हो रहा है। इस पर प्रशासन मौन है।

ट्रेंडिंग वीडियो