त्रिस्तरीय पंचायत उप-चुनाव: डीडीसी चुनाव में भाजपा जीती, गोंगपा दूसरे और तीसरे स्थान पर रही कांग्रेस
कोरीयाPublished: Jan 10, 2023 08:10:12 pm
- ८५ मतदान केंद्र में से कांग्रेस को दो बूथ में शून्य और २१ बूथ में वोट दहाई अंक में नहीं पहुंच पाया।


त्रिस्तरीय पंचायत उप-चुनाव: डीडीसी चुनाव में भाजपा जीती, गोंगपा दूसरे और तीसरे स्थान पर रही कांग्रेस,त्रिस्तरीय पंचायत उप-चुनाव: डीडीसी चुनाव में भाजपा जीती, गोंगपा दूसरे और तीसरे स्थान पर रही कांग्रेस
बैकुंठपुर। त्रिस्तरीय पंचायत उप-चुनाव में जिला पंचायत सदस्य पद में भाजपा समर्थित वंदना राजवाड़े को रेकॉर्ड १६०१६ वोट मिले और ११९३० वोट से जीतकर परचम लहराया। वहीं गोंगपा समर्थित सुखनंदन मिंज ४५४६ वोट लेकर कांग्रेस समर्थित संजय टोप्पो को तीसरे नंबर पर ढकेल दिया।
जिला पंचायत सदस्य उप-चुनाव कराने ८५ मतदान केंद्र बनाए गए थे। भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता चुनाव चिह्न मिलने के बाद अपने समर्थित उम्मीदवार को जीत दिलाने धुआंधार प्रचार में जुट गए थे। वहीं कांग्रेस ने दो सदस्यीय चुनाव संचालक सहित ७२ जोन-पंचायत प्रभारी की बड़ी टीम तैनात कर रखी थी। बावजूद कांग्रेस को मतदान केंद्र क्रमांक ५ नगर व क्रमांक १८ सरडी में शून्य वोट मिले। जबकि भाजपा को उसी मतदान केंद्र में २७८ व ३४२ वोट मिले हैं। वहीं कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी को निर्वाचन क्षेत्र के २१ मतदान केंद्रों में मिले वोट की संख्या दहाई अंक तक नहीं पहुंची। डीडीसी उप-चुनाव में भाजपा व गोंगपा के बीच मुकाबला हुआ। कांग्रेस प्रत्याशी उप चुनाव में गोंगपा प्रत्याशी को टक्कर नहीं दे पाए। और चुनाव परिणाम आने के बाद कांग्रेस तीसरे नंबर पर रही।
भाजपा पदाधिकारी-कार्यकर्ता देर शाम घड़ी चौक पहुंचे, आतिशबाजी कर खुशियां बांटी
पूर्व मंत्री भइयालाल राजवाड़े की बहू वंदना राजवाड़े को जिला पंचायत सदस्य उप चुनाव में जीत हासिल होने के बाद भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता सोमवार देर शाम घड़ी चौक पहुंचे। इस दौरान जमकर आतिशबाजी कर खुशियां बांटी और पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं को मिठाइयां खिलाई। डीडीसी उप-चुनाव को विधानसभा चुनाव २०२३ से पहले सेमीफाइनल के रूप में देखा जा रहा है। इधर भाजपा उप चुनाव में जीत हासिल करने के बाद विस चुनाव में भरपूर ऊर्जा से लबरेज मैदान में उतरने को तैयार नजर आ रही है।