मनरेगा महासंघ हड़ताल: नहर में घंटों डूबकर जल सत्याग्रह, नियमित करने गुहार लगाई
मनरेगा महासंघ के बैनर तले कोरिया के मनरेगा कर्मियों ने नियमितीकरण की मांग को लेकर शनिवार को नहर में डूबकर जल सत्याग्रह किया। कर्मचारी अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर चार अप्रैल से आंदोलन कर रहे हैं।
कोरीया
Published: April 16, 2022 08:17:32 pm
बैकुंठपुर। मनरेगा महासंघ के बैनर तले कोरिया के मनरेगा कर्मियों ने नियमितीकरण की मांग को लेकर शनिवार को नहर में डूबकर जल सत्याग्रह किया। कर्मचारी अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर चार अप्रैल से आंदोलन कर रहे हैं।
मनरेगा कर्मियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल के १३वें दिन ग्राम पंचायत आनी में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे गेज नहर में जल सत्याग्रह किया। इस दौरान जिला व जनपद पंचायत में कार्यरत मनरेगा अधिकारी-कर्मचारी जल में डूबे रहे। मनरेगा कर्मियों ने अपने हाथों में मांग संबंधी बैनर और सिर पर नियमितीकरण की टोपी लगाकर घण्टों पानी में डूबे रहे। मनरेगा कर्मियों ने बताया कि जब तक प्रदेश सरकार अपने वायदे के अनुसार नियमितीकरण की मांग को पूरा नहीं करती है। हम इसी तरह आंदोलन करते रहेंगे। महात्मा गांधी के बताए रास्ते पर चलते हुए हमारा आंदोलन सत्याग्रह के मार्ग पर चलता रहेगा। मनरेगा महासंघ के जिलाध्यक्ष ने बताया कि संगठन के प्रदेश नेतृत्व के निर्णय अनुसार चरणबद्घ आंदोलन जारी रहेगा। दन्तेवाड़ा से शुरू हुई दांडी यात्रा में शामिल होने के लिए कोरिया से एक दर्जन साथी रवाना हो गए हैं। रविवार को जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में दूसरी टीम रवाना होगी।
मनरेगा कर्मियों ने गोबर बेचकर राज्य शासन के खाते में जमा कराई राशि
मनरेगा कर्मियों ने एक दिन पहले शुक्रवार को विरोध स्वरूप गोबर बेचकर राज्य शासन के खाते में राशि जमा कराई थी। दो सूत्रीय मांगों को लेकर मनरेगा कर्मी चरणबद्ध तरीके से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान विभिन्न गोठानों में गोबर ले जाकर बेचा और अपने गोबर की राशि को राज्य सरकार के खाते में जमा कराई है। मनरेगा महासंघ जिलाध्यक्ष आरिफ रजा ने बताया कि सरकार के पास हम लोगों को नियमित तौर से वेतन देने के लिए भी राशि नहीं है। इसलिए हमें गोबर इक_ा करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। हमारे साथियों ने गांव से गोबर समेटकर गोठानों में बेचा है। मनरेगा कर्मियों ने एक क्विंटल गोबर बैकुंठपुर ब्लॉक के तीन गोठानों में बेचा है। उन्होंने बताया कि ४ अप्रैल से निरन्तर आंदोलन कर रहे मनरेगा योजना कर्मियों की मांग पर अब तक सरकार ने कोई निर्णय नहीं लिया है। आंदोलन के तहत ही बस्तर के पूज्य शक्ति स्थल मां दंतेश्वरी मंदिर से दांडी यात्रा शुरू कर दी है। यह बस्तर मुख्यालय में पहुंचने तक 500 से ज्यादा मनरेगा कर्मियों की संख्या हो गई है। जिसमें हिस्सेदारी के लिए भरतपुर ब्लॉक से पांच मनरेगा कर्मियों की टीम रवाना होगी। उन्होंने बताया कि हर दिन पांच साथी दांडी यात्रा में सहभागिता के लिए रवाना होंगे। यह दांडी यात्रा का आंदोलन रायपुर तक जाएगा।

मनरेगा महासंघ हड़ताल: नहर में घंटों डूबकर जल सत्याग्रह, नियमित करने गुहार लगाई
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
