script

निगम बैठक में हंगामा, भाजपा पार्षद ने गमले से पौधा उखाड़कर फेंका

locationकोटाPublished: Feb 11, 2021 06:57:08 pm

Submitted by:

Jaggo Singh Dhaker

कोटा उत्तर नगर निगम की बैठक में कांग्रेस और भाजपा के पार्षद आमने सामने हो गए और हाथापाई करने लगे। एक दूसरे से अभद्रता से संवाद किया।

kota_utter_nigm.jpg

कोटा. कोटा उत्तर नगर निगम की बजट बैठक

कोटा. कोटा उत्तर नगर निगम की बजट बैठक में गुरुवार पार्षदों ने ऐसा उदाहरण पेश किया, जिसे देखकर आम जनता को दु:ख होगा। कांग्रेस, भाजपा के साथ कुछ निर्दलीय पार्षदों ने जमकर हंगामा किया और एक दूसरे से मारपीट करने पर उतारू हो गए। बैठक के दौरान पार्षद बलविंदर ने आरोप लगाया कि निगम के अधिकारी वार्डों में हारे हुए प्रत्याशी को साथ लेकर घूम रहे हैं। ऐसे में निर्वाचित पार्षद कैसे बेहतर कार्य करा पाएंगे। उनके साथ निर्दलीय पार्षद राकेश पुटरा ने कहा, मंत्री ने कहा था कि बिना भेदभाव के वार्डों में कार्य कराए जाएंगे, लेकिन वे तीन माह में ही बदल गए अब केवल कांग्रेस पार्षदों की सुनवाई हो रही है। इस पर उप महापौर सोनू कुरैशी और अन्य पार्षद खड़े होकर जवाब देने लगे तो विपक्ष के पार्षद अपना स्थान छोड़कर महापौर के सामने खड़े होकर हंगामा करने लगे। उन्होंने गंदगी के फोटो बताए। महापौर मंजू मेहरा ने उन्हें समझाकर वापस बिठाया। इसके बाद बैठक फिर शुरू हुई और कुछ देर बाद फिर शोर शराबा होने लगा। इसी बीच निर्दलीय पार्षद राकेश पुटरा और अन्य भाजपा पार्षद वापस महापौर के सामने आ गए और दूसरी ओर कांग्रेस के पार्षद आ गए। दोनों एक दूसरे पर आरोप लगाकर हंगामा करते-करते हाथापाई पर उतर आए। एक दूसरे के लिए अभद्र शब्द बोलने लगे। इसी बीच कांग्रेस की महिला पार्षद ने भाजपा पार्षद संतोष बैरवा के थप्पड़ मारने के लिए हाथ उठाया। तब मुश्किल से बीच बचाव हुआ। इसके बाद संतोष बैरवा भड़क गई और उन्होंने पास में रखे गमले से पौधा उखाड़कर कांग्रेस पार्षदों की ओर फेंका। जब दोनों पक्ष मारपीट पर उतारू हो गए तो पार्षद मोहम्मद बशीर, नंदकिशोर और अन्य कांग्रेसी पार्षदों को पकड़कर जगह पर बिठाने ले गए और भाजपा पार्षद कुछ देर के लिए धरने पर बैठ गए। बैठक समाप्त होने पर जब पार्षद जमनाबाई जाने लगी तो नीचे जमीन में गिर गईं, उन्होंने कहा, उनके सिर में चोट आई है, यह चोट पौधे से लगी जो पार्षद संतोष बैरवा ने फेंका था। हालाकि उनके चोट का कोई निशान नजर नहीं आया। वार्ड 64 की पार्षद निशा गौतम ने कहा, बुर्जुर्ग पार्षद को इस तरह चोटिल करना दु:खद है। वहीं भाजपा पार्षद संतोष बैरवा ने कांग्रेस पार्षद हेमलता पर थप्पड़ मारने का आरोप लगाया। वहीं हेमलता ने कहा, उन्होंने थप्पड़ नहीं मारा। बैरवा ने कहा, वे उन पर हमला करने वाली महिला पार्षदों के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराएंगी।

ट्रेंडिंग वीडियो