scriptकोटा में बवंडर ने मचाई तबाही, सिर से उड़ी छतें, बाल बाल बचे कई परिवार | Drastic wind in kota district | Patrika News

कोटा में बवंडर ने मचाई तबाही, सिर से उड़ी छतें, बाल बाल बचे कई परिवार

locationकोटाPublished: Jun 29, 2019 12:44:49 am

Submitted by:

Dhitendra Kumar

अंधड़ ने कई परिवारों पर कहर बरपा दिया। किसी के सिर से छत छीन ली तो, किसी की रोजी का आसरा। किसी की राह रुक गई तो कई बाल-बाल बचे।

kota

सुल्तानपुर के पास नौताड़ा मालियान गांव में उड़े टीन चद्दर दिखाता पीडि़त।

कोटा. जिले के कुछ हिस्सों और आसपास के इलाकों में शुक्रवार शाम आए अंधड़ ने कई परिवारों पर कहर बरपा दिया। किसी के सिर से छत छीन ली तो, किसी की रोजी का आसरा। किसी की राह रुक गई तो कई बाल-बाल बचे। सुल्तानपुर क्षेत्र में अंधड़ का असर ज्यादा रहा। हालांकि कुछ स्थानों पर अंधड़ के साथ तेज बारिश भी हुई।
सुल्तानपुर क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन शुक्रवार शाम 5 बजे तेज अंधड़ ने एक बार फिर जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया। आधा दर्जन से अधिक गांवों में क ई घरों के चद्दर, कवेल्हू उड़ गए। मुख्य सड़क मार्ग पर पेड़ टूटकर गिरने से स्टेट हाइवे 70 सहित अन्य रास्ते जाम हो गए। अंधड़ के साथ करीब 15 मिनट तक बारिश हुई। आधा घंटे बाद पेड़ को हटाकर स्टेट हाइवे बहाल कराया।
कस्बे में स्टेट हाइवे 70 पर एक सफेदे का पेड़ हवा से टूटकर सड़क पर आ गिरा। जिस समय पेड़ गिरा सड़क खाली होने से बड़ा हादसा टल गया। पेड़ गिरने से हाइवे अवरुद्ध हो गया। आधे घंटे तक दोनों ओर वाहनों की लम्बी कतारें लगी रही। सूचना पर थानाप्रभारी अंजना नोगिया मौके पर पहुंची और जेसीबी मंगवाकर पेड़ को हटाया। इसके बाद यातायात बहाल हुआ। इसी तरह खेड़लीतंवरान व नीमली गांव के बीच भी सड़क पर कई पेड़ टूट जाने से आवागमन में परेशानी हुई।
यहां बाल बाल बचे लोग
अंधड़ के चलते नौताड़ा मालियान गांव में दो मकानों के चद्दर उड़ गए। वार्ड पंच रसूल मोहम्मद ने बताया कि निसार मोहम्मद के घर के 30 चद्दर व नंदकिशोर कुम्हार के 5 चद्दर उड़कर बरामदे में जा पड़े। घरवाले बाल-बाल बचे। इसी तरह खेड़लीकाल्या में देवीलाल सुमन के मकान पर एक विद्युत पोल गिर गया। बिजली आपूर्ति बंद होने से बड़ा हादसा टल गया। लक्ष्मीनारायण प्रजापति के 7 चद्दर व नरेश कुम्हार के भी चद्दर उड़कर बरामदे में जा गिरे। यहां सरपंच यज्ञदत दाधीच ने मौका मुआयना कर मुआवजा दिलवाने का आश्वासन दिया।
यहां दुकान हुई क्षतिग्रस्त
इसी तरह मंडावरा नाले पर अंधड़ से चाय की एक गुमटी क्षतिग्रस्त हो गई। हवा के वेग से गुमटी उड़कर ड्रेन में जा गिरी। दीगोद कस्बे में तहसील चौक में पीपल की मोटी टहनी टूटकर स्टाम्प वेंडर्स के टीनशेड पर जा गिरी। इससे पूरा टीनशेड क्षतिग्रस्त हो गया। एक बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।
यहां बारिश हुई तो मिली राहत
चित्तौडगढ़़ जिले के अणु नगरी के नाम से विख्यात रावतभाटा शहर में दिन भर की उमस के बाद शुक्रवार शाम करीब साढ़े छह बजे शहर में तेज बारिश शुरू हुई। बारिश का यह क्रम शाम करीब साढ़े सात बजे तक जारी रहा। बारिश के बाद मौसम में ठंडक आ गई और लोगों को दिन भर की गर्मी व उमस से राहत मिली। बारिश के दौरान बिजली गुल हो जाने से गर्मी से लोग परेशान हो गए। करीब दस मिनट बाद बिजली आपूर्ति बहाल होने पर लोगों को राहत महसूस की। शहर का अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सैल्सियस व न्यूनतम 24.6 डिग्री सैल्सियस रहा।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो