कोहरे-बादल की जुगलबंदी ने बढ़ाई सर्दी
500 मीटर रही विजिबिलिटी

कोटा. हाड़ौती अंचल में रविवार को कोहरे व बादल की जुगलबंदी रही। इससे सर्दी का असर और बढ़ गया। हालांकि दिन में गलन कम रही। सुबह-शाम सर्दी का जोर रहा। दरअसल, सुबह शहर कोहरे के आगोश में रहा। वाहनों की रफ्तार धीमी रही। वाहनों की हैडलाइट ऑनकर यात्रा करनी पड़ी।
दिन में बादल छाए रहे। सूर्य देव के दर्शन नहीं हुए। गलन का असर कम रहा, लेकिन शाम ढलने के साथ हवा चलने से मौसम में वापस गलन हो गई। इससे कंपकंपी छूट गई। लोगों ने अलाव का सहारा लिया।
मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम व न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री का अंतर रहा। अधिकतम तापमान 19.8 व न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस रहा। विजिबिलिटी 500 मीटर रही।
खानपान में आया बदलाव
कोहरा, बादल, बारिश से मौसम परिवर्तन होने से आमजन के खानपान में भी बदलाव आ गया। बाजारों में दुकानों पर कचोरी-समोसे, पकोड़ी, हलवे, गर्म दूध, पोहे-जलेबी, गजक की डिमांड बढ़ गई। घरों में भी गर्मागर्म पकवान भाने लगे हैं।
आगे यह रहेगा
जयपुर मौसम केन्द्र निदेशक आर.एस. शर्मा ने बताया कि हाड़ौती में सोमवार को भी मध्यम दर्जे का कोहरा छाया रहेगा। उसके बाद मौसम शुष्क रहेगा। इससे तापमान में लगातार गिरावट रहेगी।
अब पाइए अपने शहर ( Kota News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज