लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सुझाव दिया कि ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बड़े पैमाने पर और सतत प्रयास किए जाने की आवश्यकता है। इससे हस्तशिल्प और अन्य ग्रामीण उत्पादों की मांग बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। जिन पर्यटन स्थलों के बारे में पर्यटकों को अधिक जानकारी नहीं है, उन्हें मानचित्र पर लाया जाना चाहिए।
कोटा. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार को पर्यटन दिवस पर पर्यटन मंत्रालय की ओर से नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। इसमें विचार व्यक्त करते हुए बिरला ने कहा कि कोविड का प्रकोप कम होने के बाद भारत में पर्यटन क्षेत्र में तेजी से सुधार हो रहा है। सामूहिक और प्रतिबद्ध प्रयासों से हम यह सुनिश्चित कर सकते हैं कि भारत दुनिया में सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्थल के रूप में उभरे। बिरला ने कहा, जिस प्रकार हमने सामूहिक प्रयासों से कोविड-19 का मुकाबला किया है, उसी सामूहिक शक्ति और समन्वित प्रयासों से हम अपनी अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई पर ले जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पर्यटन क्षेत्र अर्थव्यवस्था और रोजगार के ग्रोथ इंजन में से एक है, इसलिए, इस क्षेत्र के आगे विकास पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है । भारत में पर्यावरण, आध्यात्मिक, शिक्षा और चिकित्सा पर्यटन के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। भारत की घरेलू और विदेश नीति से पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एक अनुकूल वातावरण मिला है। हमारा लक्ष्य भारत को पर्यटन में सर्वश्रेष्ठ बनाना है। बिरला ने घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय दोनों स्तरों पर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी के साधनों का उपयोग किए जाने पर जोर दिया। पर्यटन को बढ़ावा देने के रोडमैप के बारे में विचार व्यक्त करते हुए बिरला ने सुझाव दिया कि ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बड़े पैमाने पर और सतत प्रयास किए जाने की आवश्यकता है। इससे हस्तशिल्प और अन्य ग्रामीण उत्पादों की मांग बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने सुझाव दिया कि जिन पर्यटन स्थलों के बारे में पर्यटकों को अधिक जानकारी नहीं है, उन्हें भारत के पर्यटन मानचित्र पर लाया जाना चाहिए ताकि अधिक से अधिक लोग इन स्थलों के बारे में जान सकें।
Home / Kota / ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ाएं पर्यटन के अवसर: लोकसभा अध्यक्ष