स्पीकर बिरला ने कहा कि आज हम घर बनाने में बेतहाशा खर्चा करते हैं, लेकिन आसपास पेड़ लगाने की बात आने पर ट्री-गार्ड के लिए सरकारी एजेसियों की ओर देखने लगते हैं। कंक्रीट के जंगल खड़े करने से कोई लाभ नहीं होगा। अच्छे काम की शुरुआत हमें घर से ही करनी होगी।
बिरला ने कहा कि भौतिक संसाधनों की होड़ की जगह हमें पेड़ बचाने को लेकर प्रतिस्पर्धा करनी चाहिए। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भारत आज विश्व का नेतृत्व कर रहा है। देश विकास के मार्ग पर भी तेजी से आगे बढ़ रहा है और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में विश्व का मार्गदर्शन भी कर रहा है।
कार्यक्रम में लाडपुरा विधायक कल्पना देवी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण का महत्व सभी समझते हैं, परन्तु इसके प्रति अज्ञानी बनकर रहना घातक है। हमें स्वयं भी जागरूक रहना होगा, दूसरों को भी जागरूक करना होगा, तब जाकर हम इस पृथ्वी की रक्षा कर पाएंगे। कोरोना काल में भी हमने देखा कि किस तरह से लोग ऑक्सीजन के लिए तड़प रहे थे।
ये भी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, भाजपा नेता हीरालाल नागर, भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार सोनी, महेश विजय, सुनीता व्यास, डीएफओ जयराम पांडे और मोशन एजुकेशन ग्रुप के फाउंडर व सीईओ नितिन विजय सहित अन्य वन अधिकारी उपस्थित रहे।
यह संस्थाएं बनीं सहभागी
कोटा व्यापार महासंघ, जनरल मर्चेन्ट एसोसिएशन, सकल दिगम्बर जैन समाज, दीएसएसआई एसोसिएशन, जैन सोशल ग्रुप संगिनी, माहेश्वरी समाज, आर्य समाज, गुजराती समाज, लाॅयंस क्लब टेक्नो, वैश्य समाज, ब्राह्मण समाज, दिगंबर जैन समाज, स्मॉल स्केल इंडस्ट्री एसोसिएशन, गुमानपुरा दुकानदार संघ समेत डेढ़ सौ से अधिक सामाजिक संस्थाएं, क्लब और प्रबुद्धजन अभियान में सहभागी बने।
देवली अरब क्षेत्र में नगर वन परिसर जाते समय रास्ते में सामाजिक कार्यकर्ताओं की ओर से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का जगह-जगह स्वागत किया गया। भाजपा एसटी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक मीणा के नेतृत्व में जिला अध्यक्ष राम मीणा, विधि प्रकोष्ठ के कार्यकारिणी सदस्य वीरेंद्रसिंह भानावत, कोटा देहात धनराज मीणा, जिला अध्यक्ष बूंदी महावीर मीणा, जिला महामंत्री दीपू मीणा, भाजपा मोर्चा जिला अध्यक्ष रामलाल कटवाडा, जिलाध्यक्ष चंपालाल वर्मा, ओम खटाना, योगेंद्र नंदवाना, बिरधीलाल गोस्वामी ने स्वागत किया।
डीएफओ जयराम पांडे ने बताया कि नगर वन परिसर में 32 हैक्टेयर भूमि पर 15 अगस्त तक 6400 फल, फूल व छायादार पौधे रोपने का लक्ष्य रखा गया है। रविवार को महाअभियान के तहत तीन हजार पौधे लगाए गए। यहां पंचवटी, नक्षत्र, रास, नवग्रह वाटिकाएं विकसित की जाएंगी। आमजन के बैठने के लिए बैंचें भी लगाई जाएंगी। पंच वाटिका में बरगद, पीपल, करंज, गुलेर के पौधे राेपे गए। फल में आम, सीताफल, रैनी, इमली, जामुन के पौधे रोपे। देवली अरब में स्मृति वन से नर्सरी को भी जोड़ा जाएगा। इसमें दो आगे-पीछे दो गेट रहेंगे। सुरक्षा की दृष्टि से दीवार ऊंची बनाई जाएगी और सुरक्षा गार्ड तैनात किए जाएंगे।