
बंशीलाल सुसाइड केस में मंत्री धारीवाल का बड़ा बयान: बूंदी पुलिस ने सांठगांठ कर आरोपी को बचाया, अफसरों पर गिरेजी गाज
कोटा. बूंदी जिले में तालेड़ा के बंशीलाल आत्महत्या मामले में पुलिस जांच की कारगुजारियां सामने आने के बाद स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल ने बूंदी पुलिस पर अपराधियों से मिलीभगत का आरोप लगाया है। उन्होंने कोटा में पत्रकारों से कहा, सरकार दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करेगी। जिन अधिकारियों ने मिलीभगत करके जांच की है, उनके खिलाफ एक्शन होना तय है। इस मामले में आरोपी डेयरी बोर्ड का अध्यक्ष श्रीलाल गुंजल है।
धारीवाल ने कहा, केशवरायपाटन के सीओ और बूंदी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने मिलीभगत करके जांच की और एफआर की स्टेज तक मामले को पहुंचा दिया। इस पूरे मामले में मिलीभगत साफ नजर आ रही है। इस पुलिस जांच के पूरे मामले की सरकार समीक्षा करेगी, ताकि निष्पक्ष जांच हो सके। पहले एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार किए बिना मामले में एफआर के नतीजे तक पहुंचा दिया।
अब सवाल यह कि एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद भी पुलिस क्या कार्रवाई कर रही है। वे इस मुद्दे को छोडऩे वाले नहीं हैं। इससे पहले धारीवाल कोटा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक के समक्ष भी कड़ी नाराजगी जता चुके हैं। बंशीलाल के पुत्र अभिषेक ने बताया कि वे जब भी पुलिस के पास जाते हैं तो पुलिस मामले को वापस लेने के लिए कहती है। पुलिस बार-बार यह कहती है सामने वाला दबंग है आप कुछ नहीं कर पाओगे। उधर, माली समाज ने न्याय नहीं मिलने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
Read More:कोटा के लोगों का कारनामा: दिन-रात एसी चलाए फिर भी बिजली बचाने में राजस्थान में दूसरे नंबर पर, कैसे, पढि़ए खबर
हाड़ौती में सर्वसमाज आज निकालेगा कैंडल मार्च
पीडि़त परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर मंगलवार को सर्व समाज बूंदी सहित हाड़ौती में केंडल मार्च निकालेगा। सभी शाम को 6 बजे आजाद पार्क में एकत्र होंगे, जहां से अहिंसा सर्किल पर पहुंचेंगे। हाड़ौती माली समाज के सुरेश सैनी और जिलाध्यक्ष सीताराम सैनी ने बताया कि बंशीलाल को सुसाइड किए एक वर्ष हो गया, लेकिन आरोपी नहीं पकड़े गए। समाज के प्रदेश प्रवक्ता राजेन्द्र सुमन ने बताया कि कोटा, बारां, रामगंजमंडी, सांगोद, हिण्डोली, नैनवां में भी केंडल मार्च निकाला जाएगा।
Updated on:
21 May 2019 01:38 pm
Published on:
21 May 2019 01:38 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
