कोटा

यहां चुटकियों में पास-नापास होती है अन्नदाता की मेहनत

समर्थन मूल्य पर फसल खरीद को लेकर विभाग ने उपज की गुणवत्ता के मापदंड तो तय कर दिए लेकिन यह जांच सिर्फ खरीद केन्द्र के कर्मचारियों के अनुमान के भरोसे ही है।

कोटाOct 29, 2018 / 01:35 am

Dhitendra Kumar

यहां चुटकियों में पास-नापास होती है अन्नदाता की मेहनत

सांगोद.
जरा सोचिये! जिस फसल को पैदा करने में किसान जान की बाजी लगा देता है, सर्दी-गर्मी-बरसात में खुद को झोंके रहता है, और मेहनत के दम पर अच्चे दाम के सपने संजोता है, उसकी इसी मेहनत को फौरी तौर जांच कर पास-नापास कर दिया जाए तो…। जी हां, ऐसा सांगोद खरीद केन्द्र पर किसानों के साथ ऐसा ही हो रहा है।
दरअसल, समर्थन मूल्य पर फसल खरीद को लेकर विभाग ने उपज की गुणवत्ता के मापदंड तो तय कर दिए लेकिन यह जांच सिर्फ खरीद केन्द्र के कर्मचारियों के अनुमान के भरोसे ही है। जांच उपकरण एवं संसाधन नहीं होने से कर्मचारी सिर्फ उपज को देखकर अनुमान से ही गुणवत्ता तस कर रहे हैं। हालत यह कि खरीद शुरू होने के एक पखवाड़े बाद भी सिर्फ एक किसान की उड़द की उपज पास हुई है। यहां क्रय विक्रय सहकारी समिति ने एक पखवाड़े पूर्व सोयाबीन व उड़द की खरीद शुरू की। काफी इंतजार के बाद समर्थन मूल्य पर खरीद शुरू हुई तो किसानों को उम्मीद थी की फसल का उचित दाम मिलेगा। खासकर उड़द का समर्थन मूल्य अधिक होने से किसानों को काफी उम्मीदें थी। लेकिन यहां केन्द्र पर आने वाले अधिकांश किसानों की उम्मीदें टूट रही हैं। उपकरणों के अभाव में अधिकांश किसानों की उड़द की उपज नापास हो रही है।
यूं तय हैं मापदंड
विभाग ने फसल खरीद के लिए उपज में मिट्टी, नमी, कंकड़, सफाई आदि के मापदंड तय किए। मापदंडों पर खरी उतरने वाली उपज की ही खरीद करनी है। लेकिन जांच के लिए यहां कोई उपकरण-संसाधन नहीं होने से कर्मचारी उपज को देख अनुमान लगाकर ही उसे पास और नापास कर रहे हैं।
यहां भी होती है दिक्कत
पूर्व में यहां लहसुन एवं अन्य उपज की जांच के लिए राजफैड ने उपकरण व कर्मचारी लगाया था। इस बार ना कर्मचारी है ना उपकरण। खरीदी गई उपज गोदाम में नापास कर देते हैं, ऐसे में कर्मचारी भी रिस्क नहीं लेना चाहते।
गोदाम में नापास हो जाती है
केन्द्र प्रभारी मुरारी लाल शर्मा कहते हैं कि केन्द्र पर जांच के लिए संसाधन नहीं हैं। अपने स्तर पर ही जांच करते हैं। कई बार यहां खरीद की गई उपज गोदाम में नापास हो जाती है।

Home / Kota / यहां चुटकियों में पास-नापास होती है अन्नदाता की मेहनत

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.