scriptउफ… ये गर्मी, उमस और पसीने से तर रहे लोग | Oops... these hot, humid and sweaty people | Patrika News

उफ… ये गर्मी, उमस और पसीने से तर रहे लोग

locationकोटाPublished: May 16, 2022 01:22:40 am

Submitted by:

Narendra

कोटा में तापमान 45.3, बूंदी में 46 डिग्री सेल्सियस
– पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने से आगामी दो दिन मिल सकती गर्मी से कुछ राहत

कोटा. हाड़ौती अंचल में रविवार को भीषण गर्मी जारी रही। कोटा, बारां, बूंदी व झालावाड़ जिलों में आसमान से आग बरसती रही। हालात यह रहे कि कूलर-पंखों की हवा भी बेअसर साबित होती रही। दिन के साथ रात में भी गर्म हवा चलने से लोग परेशान रहे।
कोटा में भी भीषण गर्मी रही। दिन में लू के थपेड़े चलते रहे। बीच-बीच में बादल छाए। उमस का जोर बना रहा। लोग पसीने से तरबतर रहे। शाम ढलने के बाद भी गर्मी का असर कम नहीं हो रहा है। बिजली कटौती भी बैरन बनी रही। गर्म हवा के झोंके रात तक चलने से रात का पारा भी 30 के पार बना हुआ है। रात के समय भी लोग उमस से बेहाल हो रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, दिन का अधिकतम तापमान 1 डिग्री गिरकर 45.3 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
– सूर्यदेव ने लोगों को तपाया, पारा 46 पर पहुंचा

बूंदी जिले में लू के थपेड़ों ने लोगों को परेशान किए रखा। बीच-बीच में बादल छाए, लेकिन गर्म हवाओं से लोगों को राहत नहीं मिली। कूलर-पंखे भी गर्म हवा फेंकते रहे। अधिकतम तापमान 46 व न्यूनतम 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारां जिले में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 30 डिग्री दर्ज किया गया।
46 डिग्री पहुंचा तापमान, दिनभर बरसी आग
झालावाड़. जिले में भीषण गर्मी पड़ रही है। दोपहर में तो असहनीय हालात हो रहे है। लू और तेज धूप आमजन को झुलसा रही है। गर्म हवा के थपेड़ों से कहीं पर चैन नहीं मिल रहा है। अधिकतम तापमान 46 व न्यूनतम 30 डिग्री रहा।
– आगे यह रहेगा मौसम

जयपुर मौसम केन्द्र के अनुसार, राज्य में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव रहने से 16-17 मई से बादल छाए रहेंगे। कई भागों में डस्ट स्टोर्म होने की संभावना है। हवा के साथ उपयुक्त नमी नहीं होने से व्यापक स्तर पर बारिश होने की संभावना कम है। कुछ जगहों पर छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है। इससे भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो