कोटा

विधायक भरत सिंह ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा : भ्रष्टाचार उजागर किया तो भाया को ही सिंचाई मंत्री बना दो

कोटा. सांगोद विधायक भरत सिंह कुंदनपुर ने परवन सिंचाई परियोजना को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है कि खान मंत्री प्रमोद जैन भाया ने परवन सिंचाई परियोजना में भ्रष्टाचार उजागर किया है। यदि भाया को ही सिंचाई मंत्री बना दिया जाए तो हाड़ौती और प्रदेश का कल्याण हो सकेगा। वे भाया पर लगातार कटाक्ष कर रहे हैं।

कोटाOct 30, 2021 / 12:46 am

Deepak Sharma

विधायक भरत सिंह ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा : भ्रष्टाचार उजागर किया तो भाया को ही सिंचाई मंत्री बना दो

कोटा. कई सालों के संघर्ष के बाद हाड़ौती को परवन वृहद सिंचाई परियोजना की स्वीकृति मिली और कार्य चालू हुआ, लेकिन अधिकारियों की मनमानी से इसकी गुणवत्ता को घटिया बनाने की शिकायतों ने चिंता बढ़ा दी है। शिकायतों के बाद सरकार ने अधिकारियों को निलंबित कर दिया है, लेकिन गुणवत्ता की जमीनी स्तर पर जांच शुरू नहीं हो पाई है। इसी बीच सियासत जरूर शुरू हो गई है। विभाग के अधिकारियों ने चुप्पी साध ली है, कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं है।
करीब 7335 करोड़ की लागत की इस योजना के मूर्त लेते समय जनप्रतिनिधि भी सोते रहे, जब शिकायतें बढ़ी तो विधायकों ने सरकार को शिकायतें भेजी। इससे जुड़े अधिकारियों के निलंबित किए जाने के बाद हाड़ौती में सियासी बयानबाजी शुरू हो गई है। सांगोद विधायक भरत सिंह कुंदनपुर ने परवन सिंचाई परियोजना को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। इसमें लिखा है कि कांग्रेस सरकार बनने के बाद से ही सरकार में सिंचाई मंत्री का पद रिक्त चल रहा है। सिंचाई मंत्री के अलावा 2019 से मुख्य अभियंता का पद भी रिक्त है। खान मंत्री प्रमोद जैन भाया ने परवन सिंचाई परियोजना में भ्रष्टाचार उजागर किया है। इस प्रकरण की जांच कराकर खुलासा किया जाए। उन्होंने यह भी लिखा कि यदि प्रमोद जैन भाया को ही सिंचाई मंत्री बना दिया जाए तो हाड़ौती और प्रदेश का कल्याण हो सकेगा। वे भाया पर लगातार कटाक्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा, भाया को सिंचाई मंत्री बनाने से परवन वृहद सिंचाई परियोजना का भ्रष्टाचार मिट जाएगा।
चालू वित्तीय वर्ष में कोटा, बारां और झालावाड़ जिलों की महत्वाकांक्षी परवन वृहद सिंचाई परियोजना को गति देने के लिए 885 करोड़ रुपए का प्रावधान बजट में किया गया था। इस योजना पर अब तक 3 हजार 300 करोड़ से ज्यादा राशि खर्च हो चुकी है। परियोजना के बांध और टनल निर्माण के साथ-साथ अभी 2 लाख हैक्टेयर क्षेत्र में कमांड क्षेत्र विकसित करने का कार्य प्रगति पर है।

Hindi News / Kota / विधायक भरत सिंह ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा : भ्रष्टाचार उजागर किया तो भाया को ही सिंचाई मंत्री बना दो

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.