सपत्नीक पूजा अर्चना की, फिर क्षेत्र में गए कोटा दक्षिण के विधायक संदीप शर्मा ने सुबह जल्दी उठकर दादाबाड़ी स्थित घर पर ही सपत्नीक ईष्ट देव की पूजा अर्चना की। इसके बाद सुबह 8 बजे तक घर पर ही कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया और चुनावी रणनीति के बारे में चर्चा की। इसके बाद पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत जनसम्पर्क पर निकल गए। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ घर-घर जाकर जनसम्पर्क किया और भाजपा शासन में पांच साल में करवाए गए विकास कार्यों के बारे में अवगत कराते हुए समर्थन मांगा।
माताजी की पूजा अर्चना कर जनसम्पर्क शुरू किया सांगोद विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी हीरालाल नागर के सांगोद स्थित आवास पर अलसुबह ही कार्यकर्ताओं का तांता लगा हुआ था। यहां उन्होंने पूजा अर्चना कर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। क्षेत्रभर से बधाई देने के लिए कार्यकर्ता आए हुए थे। यहां से दीगोद तहसील के भीमपुरा पहुंचे और यहां लोगों से दिवाली की रामा-श्यामी की। ग्रामीणों ने नागर का स्वागत भी किया। इसके बाद मूण्डला, पाड़लिया, नयागांव, मण्डावरी, कोटसुआं, बालापुरा, चन्द्रावला, निमोदा, छीपड़दा एवं हरिपुरा गांवों की गली-मोहल्लो में जाकर आमजन एवं मतदाताओं से रूबरू हुए।