scriptRajasthan Assembly Election 2023, Assembly Election Kota, Kota North | Rajasthan Assembly Election: हाड़ौती में अब पॉलिटिकल धडाके की तैयारी | Patrika News

Rajasthan Assembly Election: हाड़ौती में अब पॉलिटिकल धडाके की तैयारी

locationकोटाPublished: Nov 13, 2023 09:00:37 am

- कांग्रेस डेमेज कन्ट्रोल में जुटी, सीएम गहलोत भरेंगे कार्यकर्ताओं में जोश

हाड़ौती में अब पॉलिटिकल धडाके की तैयारी

कोटा। हाड़ौती में रविवार को दीपो के महापर्व दिवाली का उल्लास छाया हुआ है। सुबह से लोग लक्ष्मी पूजन की तैयारी में जुटे हैं। बाजारों में भी दो दिन के मुकाबले रंगत कम हुई है। रविवार को पटाखों और मिठाइयों की दुकानों पर ज्यादा भीड़ रही । वही इस त्योहार के रंग में लोकतंत्र के उत्सव का रंग भी दिखने को मिला। भाजपा नेता कांग्रेस के कोटा के दो दिग्गज नेताओं को अपने पाले में लेने के बाद जोश में है और दिवाली बार कांग्रेस खेमे में बड़े धमाके की तैयारी में हैं। भाजपा कांग्रेस के असन्तुष्ट नेताओं से सम्पर्क में हैं और उन्हें भाजपाई करने की तैयारी में है। कांग्रेस के कई नेता भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं के सम्पर्क में है। वहीं कांग्रेस अपने दो नेताओं को खोने के बाद डेमेज कन्ट्रोल में जुट गई है। इसके चलते दिवाली निकलते ही दूसरे दिन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कोटा आएंगे और कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे।
माहौल देखकर बदल रहे पाला
हाड़ौती में नाम वापसी के बाद अब राजनीतिक गतिविधियां बढने लग गई है। प्रत्याशी अपने-अपने क्षेत्र में जनसम्पर्क में जुटे हैं। वहीं भाजपा अलर्ट मोड पर है। भाजपा ने कोटा में कांग्रेस के घर में सेंधमारी के लिए विशेष टॉस्क शुरू किया है। जिसमें जो नेता कांग्रेस से अलग-अलग कारणों से नाराज चल रहे हैं, उनसे सम्पर्क साधा जा रहा है और अपने पाले में शामिल का जा रहा है। कांग्रेस साइलेंट मोड पर चल रही है। नेता, कार्यकर्ता व पार्षद माहौल देकर पाला बदल रहे हैं। भाजपा अपना परिवार बढ़ने की रणनीति में कांग्रेस से चार कदम आगे हैं।
इन्होंने थामा भाजपा का दामन
भाजपा में अब तक 50 से अधिक पदाधिकारी व कार्यकर्ता भाजपा का दामन थाम चुके हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व खादी ग्रामोद्योग आयोग के उपाध्यक्ष पंकज मेहता, पूर्व मंत्री रामगोपाल बैरवा के अलावा कई पदाधिकारी व पार्षद भाजपा में शामिल हो चुके हैं। कांग्रेस के महामंत्री रहे हिम्मतसिंह हाड़ा भी अपने समर्थकों के साथ शनिवार देर रात भाजपा में शामिल हो गए। सहकार हरिकृष्ण बिरला व भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिला संयोजक राकेश जैन ने हाड़ा व उनकी टीम का भजपा का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। अब तक तीन पार्षद भाजपा में शामिल हो चुके हैं। कोटा उत्तर के पार्षदों को तोड़ने की तैयारी चल रही है। ग्रामीण क्षेत्र के कांग्रेस से अन्सतुष्ट नेताओं पर नजर बनाए हैं।
सीएम गहलोत 14 नवम्बर कोटा आएंगे
उधर मुख्यमंत्र अशोक गहलोत कोटा के कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए कोटा आ रहे हैं। सीएम का कोटा दौरान अचानक शनिवार को ही तय हुआ है। गहलोत कोटा उत्तर विधानसभा क्षेत्र में दो चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। एक सभा सेवन वंडर रोड पर होगी तथा दूसरी सभा नदीपार क्षेत्र में होगी। मुख्यमंत्री का रात्रि विश्राम कोटा में किया जाना प्रस्तावित है। रात में पार्टी के चुनिंदा नेताओं से मंत्राणा करेंगे। जो पदाधिकारी नाराज चल रहे हैं, उनसे भी बात करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके अलावा कोटा की छहों सीटों के बारे में फीडबैक लेने की संभावना है।

Copyright © 2023 Patrika Group. All Rights Reserved.