कोटा

जितना सरल कानून बनेगा, लोगों को जल्द न्याय मिलेगा: बिरला

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि कानून लोगों के जीवन को परिवर्तित करने और अधिकार देने के लिए होता है। इसलिए कानून जितना सरल और सहज बनेगा, उतना ही जल्द लोगों को न्याय मिलेगा। इसके साथ ही बिरला ने एक बार फिर दोहराया कि सदन में नारेबाजी और तख्तियां दिखाने से सदन की गरिमा गिरती है।
 

कोटाMay 20, 2022 / 07:29 pm

Jaggo Singh Dhaker

कोटा. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि कानून लोगों के जीवन को परिवर्तित करने और अधिकार देने के लिए होता है। इसलिए कानून जितना सरल और सहज बनेगा, उतना ही जल्द लोगों को न्याय मिलेगा। इसके साथ ही बिरला ने एक बार फिर दोहराया कि सदन में नारेबाजी और तख्तियां दिखाने से सदन की गरिमा गिरती है। इसलिए, हमें ऐसी प्रथाओं को प्रोत्साहित नहीं करना चाहिए। बिरला ने यह बात शुक्रवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश विधानसभा के नव-निर्वाचित सदस्यों के लिए प्रबोधन कार्यक्रम के उद्घाटन के अवसर पर कही। उन्होंने कहा कि सदन में जितनी अच्छी चर्चा और संवाद होगा, विधान सभा की गरिमा और प्रतिष्ठा में उतनी ही वृद्धि होगी। जनप्रतिनिधियों के आचरण और व्यवहार से ही सदन की गरिमा बढ़ती है। कार्यक्रम के बाद बिरला ने उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात की और कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। बिरला ने कहा कि विधानसभा में विधायकों की उपस्थिति कम होना चिंता का विषय है। जनप्रतिनिधि सदन में जितनी देर तक बैठेंगे, उतना ही उनको वरिष्ठ एवं अनुभवी विधायकों का मार्गदर्शन मिलेगा और सदन में सार्थक चर्चा और संवाद होंगे। बिरला ने कहा कि यूपी देश की आध्यत्मिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक चेतना का केंद्र है। उत्तर प्रदेश विधानसभा देश की सबसे बड़ी विधानसभा है। यह वह प्रदेश हैं जहां के सांसद देश के प्रधानमंत्री हैं। राष्ट्रीय राजनीति में यूपी की विशेष भूमिका है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद देश ने संसदीय प्रणाली को अपनाया। विधानसभा की पवित्रता को बनाए रखना जरूरी है। ओम बिरला ने मात्र एक-डेढ़ माह में ‘ई-विधान’ व्यवस्था को लागू करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को धन्यवाद दिया। लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ पेपरलेस विधानसभा के लिए लागू नई तकनीक ‘ई विधान’ का औपचारिक शुभारंभ किया।

Home / Kota / जितना सरल कानून बनेगा, लोगों को जल्द न्याय मिलेगा: बिरला

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.