दोपहर 2.30 बजे तो हालात यह हो गए कि पारा 43 डिग्री पार हो गया। शाम 5.30 बजे तापमान बढ़कर 44.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इससे हालात यह रहे कि लोग घरों से बाहर नहीं निकले। कई पॉश कॉलोनियों में सन्नाटा पसरा रहा। गर्म हवा से हर कोई बेहाल है।
जरूरी कार्य से घरों से निकलने वाले दुपहिया वाहन चालक हेलमेट या दुपट्टा बांधकर ही बाहर निकल रहे है। कुछ लोग सूरज की तपिश से बचने के लिए ठंडे पेय पदार्थों से लेकर छांव का सहारा ले रहे। घरों की टंकियों का पानी उबल रहा है। रात 10 बजे तक भी गर्म हवा के थपेड़ों से राहत नहीं मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार दिन का अधिकतम तापमान 44.6 और न्यूनतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
3 मई से गिर सकता है तापमान मौसम विभाग का कहना है कि अभी उत्तर-पश्चिमी व मध्य भारत को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। अभी ऊष्ण लहर जारी रहेगी। राज्य के ऊपर नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से दो-तीन मई को दोपहर बाद पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान के कुछ भागों में मेघ गर्जन के साथ कहीं-कहीं तेज अंधड़, हवा की गति 40-50 किमी प्रति घंटे व हल्की बारिश होने की संभावना है। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से 3 मई से राज्य के अधिकतर स्थानों के अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने से हीट वेव से राहत मिलने की संभावना है।