कुशीनगर

यूपी के कुशीनगर में छेड़खानी से परेशान होकर छात्रा ने खाया जहर

रोज-रोज की छेड़खानी से परेशान कक्षा 12 की छात्रा ने शुक्रवार की देर रात जहर खा लिया…

कुशीनगरSep 23, 2017 / 01:39 pm

ज्योति मिनी

छात्रा ने खाया जहर

कुशीनगर. रोज-रोज की छेड़खानी से परेशान कक्षा 12 की छात्रा ने शुक्रवार की देर रात जहर खा लिया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़िता नेबुआ-नौरंगिया थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। पुलिस ने एक लड़के और आरोपी के पिता को हिरासत में ले लिया है। छेड़खानी करने वाला युवक अभी फरार है।

मिली जानकारी के मुताबिक, नेबुआ – नौरंगिया थाने के एक गांव की रहने वाली छात्रा को उसके गांव का ही नित्यानंद कुशवाहा नाम एक युवक करीब दो महीने से रोज ब रोज परेशान कर रहा था।
 

 

गाजियाबाद में रह कर आईटीआई करने वाला यह युवक पहले फोन पर अश्लील बातें कर तंग करना शुरू किया। लोकलाज के डर से छात्रा ने युवक की इस हरकत को घर वालों से बताने की बजाय सहन कर लेती थी। इसके चलते युवक का हौसला बढ़ता चला गया।
 

इधर करीब एक महीने से युवक गांव में आकर रहने लगा था। फोन पर अश्लील बातें करने के अलावा नित्य जरूरत के लिए जाते समय भी वह छेड़खानी करना शुरू कर दिया। चूंकि छात्रा व आरोपी युवक नित्यानंद का घर आसपास ही है। इसके चलते युवक की छेड़खानी कम होने की बजाय बढ़ती चली गयी। जब युवक की छेड़खानी हद पार करने लगी तो छात्रा ने शुक्रवार की शाम को नित्यानंद कुशवाहा की हरकतों के बारे में अपने परिजनों को बता दिया।
 

छात्रा के पिता ने जब आरोपी युवक के पिता भुपेंद्र से इसकी शिकायत की तो वह अपने लड़के को डांटने की बजाय छात्रा के पिता से उलझ गया। दोनों परिवारों में बीच हुए झगड़े की वजह पूरे गांव में फैल गई। इससे छात्रा अपनी बेईज्जती को सहन नहीं कर पाई और देर रात को जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया। जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टर के मुताबिक छात्रा की हालत में सुधार हो रहा है। नेबुआ-नौरंगिया थाने की पुलिस ने छेड़खानी करने वाले युवक के पिता व उसके घर के एक लड़के को हिरासत में ले लिया है।
input- A.K. Mall

Home / Kushinagar / यूपी के कुशीनगर में छेड़खानी से परेशान होकर छात्रा ने खाया जहर

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.