scriptUP कुशीनगर में बड़ा सड़क हादसा, दो की मौत 13 घायल | Two Died and 13 Injured in Kushinagar Road Accident | Patrika News

UP कुशीनगर में बड़ा सड़क हादसा, दो की मौत 13 घायल

locationकुशीनगरPublished: Jun 02, 2018 08:06:59 am

यूपी के कुशीनगर में तेज रफ्तार पिकअप ने करीब डेढ़ दर्जन लोगों को रौंदा, शुक्रवार की रात हुई घटना।

Road Accident

रोड एक्सिडेंट

कुशीनगर. पुलिस अधीक्षक आवास के करीब एक तेज रफ्तार पिकअप ने शुक्रवार की रात ढेड दर्जन लोगों को कुचल दिया। राष्ट्रीय राजमार्ग 28 बी पर हुई इस दुर्घटना में दो लोगों की तत्काल मौत हो गई है। 13 लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। तीन लोगों की हालत बेहद नाजुक होने के चलते डॉक्टरों ने उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया है। दुर्घटना की खबर सुनते ही आसपास के गांवों में कोहराम मच गया। अपनों का हाल जानने के लिए रविन्द्र नगर में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। गुस्साई भीड़ पुलिस चौकी के पास एकत्र होकर जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगी। भीड़ को खदेडने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। ड्राइवर को पुलिस ने हिरासत मे ले लिया। मौके डीएम, एसपी सहित सभी आला अधिकारियों ने पहुंच कर घायलों का हालचाल लिया।

मिली जानकारी के मुताबिक, जनपद मुख्यालय रविंद्रनगर पर शुक्रवार की शाम को सभी कुछ सामान्य था। सभी लोग अपने घर जाने की तैयारी में थे। तभी रात को करीब आठ बजे कसया की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने कहर बरपा दिया। नशे में धुत्त पिकअप ड्राईवर ने करीब डेढ़ दर्जन लोगों को बुरी तरह से कुचल कर कोहराम मचा दिया। एसपी आवास के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 28 बी पर हुई इस दुर्घटना में दो लोगों की तत्काल मौत हो गई। 13 लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसमें तीन की हालत बेहद नाजुक होने के चलते डॉक्टरों ने मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया। खूनी कहर बरपाने के बाद पिकअप लहराते हुए एक खंम्भे से टकरा गई।

दुर्घटना की खबर मिलते ही मौके पर आसपास के गांवों के ग्रामीणों की भारी भीड़ एकत्र हो गई। पुलिस पर देर से पहुंचने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी करने लगे। उग्र होती भीड़ को खदेड़ने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। आसपास के गांवों में गम का माहौल है।
By AK Mall
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो