भाजपा विधायक ने क्षेत्र में पीड़ित मरीजों को दी आर्थिक सहायता
यह सहायता मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से दी गई है.

लखीमपुर-खीरी. मैंने सदैव ही क्षेत्र की जनता को तरहीज दी है। सभी को बराबर सम्मान और उनके सुख-दुख में हमेशा खड़ा रहा हूँ और आगे भी खड़ा रहूंगा। यह बात भाजपा से धौरहरा विधायक बाला प्रसाद अवस्थी ने कही। उन्होंने क्षेत्र के चार गंभीर रोगों से पीड़ित मरीजों को 6 लाख 60 हजार की आर्थिक सहायता दिलवाई है। यह सहायता मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से दी गई है। इसके लिए विधायक द्वारा पत्र भेजकर मुख्यमंत्री से बीमारों को सहायता देने की फरियाद की गई थी। इसी क्रम में चारों के लिए सहायता राशि स्वीकृत हो गई है। जिसकी जानकारी विधायक द्वारा मंगलवार को मीडिया को दी गई।
141 विधानसभा धौरहरा से विधायक बाला प्रसाद अवस्थी के क्षेत्र के जुम्मन पुत्र हबीब व शैलेंद्र कुमार पुत्र पुत्तीलाल, माया देवी पत्नी सालिकराम व प्रेम प्रकाश दीक्षित पुत्र रामभूषण ने फरियाद लगाई थी कि उन्हें गंभीर रोग है। इसके इलाज के लिए उनके पास पैसे नहीं है। उनकी इस फरियाद पर विधायक द्वारा एक पत्र मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजा गया था। जिसमें रोगों के आधार पर सहायता राशि दिए जाने की मांग की गई। विधायक द्वारा भेजे गए पत्र को गंभीरता से लेते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने तत्काल चारों मरीजों के लिए सहायता राशि स्वीकृत कर दी।
इनमें मुख्यमंत्री विवेकाधीश कोष से जुम्मन पुत्र हबीब निवासी धौरहरा को 45 हजार, शैलेंद्र कुमार पुत्र पुत्ती लाल निवासी धौरहरा को 4 लाख, माया देवी पत्नी सालिक राम को 15 हजार व प्रेम प्रकाश दीक्षित पुत्र रामभूषण निवासी धौरहरा को 2 लाख रूपए की आर्थिक सहायता मंजूर हो गई है। सभी की आर्थिक सहायता उन अस्पतालों के खातों में ट्रांसफर कर दी गई है, जिनमें उनका इलाज चल रहा है।
विधायक बाला प्रसाद अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री विवेकाधीश कोष गरीबों की सहयता के लिए ही बनाया गया है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार हर गरीब व असहाय की मदद के लिए संकल्पित है। जो गरीब पैसे के अभाव में अपना इलाज नहीं करा पा रहे हैं, उन्हें पार्टी के जनप्रतिनिधियों से मिलना चाहिए, जिससे उनकी सहायता हो सकें।
अब पाइए अपने शहर ( Lakhimpur Kheri News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज