ललितपुर

योगी सरकार के 6 महीने पूरे होने पर जानिये जनता ने क्या कहा, देखें वीडियो

उत्तर प्रदेश चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी सरकार ने उत्तर प्रदेश की जनता से कुछ वादे किए थे।

ललितपुरSep 19, 2017 / 01:06 pm

आकांक्षा सिंह

ललितपुर. उत्तर प्रदेश चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी सरकार ने उत्तर प्रदेश की जनता से कुछ वादे किए थे। जैसे गड्ढा मुक्त सड़कें देंगे, किसानों का कर्जा माफ करेंगे, भ्रष्टाचार मुक्त सरकार देंगे, 24 घंटे बिजली देने का प्रयास करेंगे, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देंगे, प्रदेश के विकास के लिए कई योजनाएं लाएंगे जो भ्रष्टाचार मुक्त होंगी ऐसी तमाम घोषणाएं उत्तर प्रदेश चुनावों के दौरान भारतीय जनता पार्टी ने की थी। जिसके दम पर उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी और योगी शासन की शुरुआत हुई।

 

योगी सरकार बने हुई 6 माह बीत चुके हैं मगर लोगों की समस्याएं जस की तस हैं। योगी सरकार ने कानून बनाए, फरमान जारी किए मगर धरातल पर कुछ भी नजर नहीं आया। उत्तर प्रदेश सरकार के 6 माह के कार्यकाल से लोग कितने खुश हैं, सरकार के 6 माह के कार्यकाल को जनता किस नजर से देखती है जानने की कोशिश करते हैं।


अरविंद पेशे से डॉक्टर एवं समाजसेवी हैं। योगी सरकार के 6 माह के कार्यकाल मैं इन्होंने कोई बदलाव नहीं देखा। इनका कहना है कि योगी सरकार ने जनता से वादा किया था कि उन्हें गड्ढा मुक्त सड़कें देंगे, मगर हमारी शहर की मुख्य सड़क गड्ढों से युक्त है जिसे आज तक गड्ढा मुक्त नहीं किया गया। उस सड़क पर से यहां के सभी नेता एवं अधिकारी गुजरते हैं। मगर उसके बारे में किसी को कोई ख्याल नहीं। आने जाने वाली जनता को कितनी परेशानियों का सामना करना पड़ता है इसको जानने की किसी को फुर्सत नहीं। आम जनता तो ठीक है मगर जो व्यक्ति बीमार होते है वह गड्ढा युक्त सड़कों पर कैसे चलें और उन्हें कितनी परेशानी होती है। गड्ढा युक्त सड़कों पर चलने से आम आदमी भी बीमार पड़ जाता है। अगर योगी सरकार अपने वादों को पूरा नहीं करती है तो उसे आने वाले समय में कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।


बीके अग्रवाल पेशे से गवर्नमेंट कांट्रेक्टर हैं उनसे जब पूछा गया कि वह योगी सरकार के 6 माह के कार्यकाल को किस नजर से देखते हैं योगी सरकार में स्वास्थ्य सेवाओं का क्या हाल है इस पर उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में हमें कोई बदलाव नजर नहीं आया बल्कि स्वास्थ्य सेवाएं और भी बदतर हो गई है। यह सेवाएं जैसी पिछली सरकार में चल रही थी वैसे ही योगी सरकार में भी चल रही है ना तो अस्पताल में डॉक्टर है और ना ही दवाएं उपलब्ध हैं।


प्रभु दयाल खेती किसानी का काम कर अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं जब उनसे पूछा गया कि योगी सरकार की कर्ज माफी को लेकर वह क्या सोचते हैं। तो उन्होंने कहा कि कर्ज माफी को योगी सरकार ने मजाक बना दिया। उन्होंने कहा कि हमारा तो किसी भी तरह से कोई कर्जा माफ नहीं हुआ। वहीं किसान रामकरन का कहना है कि किसान माफी योजना को मजाक मानते हैं। उन्होंने कहा कि हमने 2015 में करीब तीन लाख रुपए का कर्ज लिया था थोड़ी बहुत फसल पैदा करके हमने लगभग डेढ़ लाख रुपया कर्ज अदा कर दिया मगर जो बाकी डेढ़ लाख रुपया था वह सरकार ने माफ नहीं किया। जबकि मौसम की मार से फसलें खराब हो चुकी हैं अब हम कर्ज कहां से भरेंगे। जब सरकार ने कर्ज माफी योजना की घोषणा की तब हमें लगा कि सरकार हमारे साथ है मगर जब यह योजना जमीन पर उतरी तब सरकार का साथ छूटता नजर आ रहा है।


सपना चौधरी छात्रा पहलवान गुरुदीन महा विद्यालय का कहना है कि जब हमने इस छात्रा से महिला सुरक्षा को लेकर सवाल किए तो उसने कहा कि इस सरकार में महिला सुरक्षा को खास तवज्जो नहीं दी जा रही। हालांकि महिला सुरक्षा को लेकर सरकार में कई योजनाएं शुरु की मगर उन योजना का क्रियान्वयन सही तरीके से नहीं हुआ। आज भी महिलाएं अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। अपने घर से बाहर निकलने में डरती हैं और यही हाल हम लड़कियों का है। लड़कियां जैसे ही घर से बाहर निकलकर कॉलेज या बाजार जाने को तैयार होती है और जब वह जाती है तो कई मनचले लड़के उनके साथ छेड़खानी कर तंज कसते है। उन्हें रास्ते में भी छेड़छाड़ करते हैं अगर वह किसी साधन की तलाश में खड़ी हैं तो उन्हें हमेशा डर लगा रहता है। कानून व्यवस्था में कुछ भी ऐसा सुधार नहीं हुआ है जिससे हमें लगे कि महिलाएं सुरक्षित हैं । सरकार ने महिलाओं के लिए एंटी रोमियो चलाई गई थी मगर उसका कोई खास असर देखने को नहीं मिला और कुछ दिनों बाद वह बंद कर दी गई। समस्या आज भी जस की तस है।

Home / Lalitpur / योगी सरकार के 6 महीने पूरे होने पर जानिये जनता ने क्या कहा, देखें वीडियो

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.