कॉर्पोरेट वर्ल्ड

फोर्टिस के पूर्व सीईओ मालविंदर सिंह को किया अरेस्ट, 2300 करोड़ के धोखाधड़ी मामले में हुई गिरफ्तारी

रैनबैक्सी के पूर्व प्रमोटर को दिल्ली पुलिस ने किया गिरफ्तार
पंजाब के लुधियाना से हुई गिरफ्तारी

Oct 11, 2019 / 10:52 am

Shivani Sharma

नई दिल्ली। रैनबैक्सी के पूर्व सीईओ मलविंदर सिंह को भी दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों ने गुरुवार देर रात लुधियाना से मलविंदर को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा शिविंदर सिंह को पुलिस पहले ही धोखाधड़ी और ठगी के मामले में गिरफ्तार कर चुकी है। इन लोगों के ऊपर 2,300 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी करने का आरोप है। इस मामले में यह पांचवी गिरफ्तारी की गई है।


पुलिस अधिकारी ने दी जानकारी

बता दें कि कंपनी के पूर्व सीएमडी सुनील गोधवानी, कवि अरोड़ा तथा अनिल सक्सेना को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अधिकारियों ने जानकारी देते हुए कहा कि मालविंदर के खिलाफ एक लुकआउट नोटिस जारी किया गया था क्योंकि वह लंबे समय से फरार चल रहा था। इकोनॉमिक ऑफेंस विंग के द्वारा शिविंदर को गिरफ्तार किया गया है। शुक्रवार सुबह को इन लोगों की औपचारिक रुप से गिरफ्तारी की जाएगी।

https://twitter.com/ANI/status/1182270295006011393?ref_src=twsrc%5Etfw

ईडी ने की थी छापेमारी

रेलिगेयर के एक सीनियर मैनेजर की शिकायत पर दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने दोनों भाइयों पर एफआईआर दर्ज कराई गई थी। इस मामले में सिंह ब्रदर्स के अलावा, आरईएल के फॉर्मर सीएमडी सुनील गोधवानी और स्टॉक ब्रोकर एन. के. घोषाल के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया। ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में सिंह भाइयों से जुड़े कई ठिकानों पर अगस्त में छापेमारी की थी।


2016 में घोटाले को अंजाम दिया

रेलिगेयर के अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि इन लोगों ने करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी की है। इसके साथ ही कई फाइनेंशिय़ल ट्रांजेक्शन भी किए गए हैं। इसके साथ ही सिंह ब्रदर्स ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर 2016 में वित्तीय घोटाले को अंजाम दिया था, जिसके बारे में काफी समय से जांच चल रही थी।


लगाई गई कईं धाराएं

इस मामले की जांच लंबे समय से चल रही थी। छानबीन के दौरान गड़बड़ी पाई गई और फिर पुलिस ने दोनों भाईयों से पूछताछ की। पुलिस पिछले 15 दिनों से मलविंदर और शिवंदर से पूछताछ कर रही थी, जिसके बाद अब उनकी गिरफ्तारी की गई है। पुलिस ने शिविंदर सिंह, सुनील गोडवानी, कवि अरोड़ा और अनिल सक्सेना को गिरफ्तार किया है। उनपर आईपीसी की धारा 409 और 420 के चार्ज लगाए गए हैं।

Home / Business / Corporate / फोर्टिस के पूर्व सीईओ मालविंदर सिंह को किया अरेस्ट, 2300 करोड़ के धोखाधड़ी मामले में हुई गिरफ्तारी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.