गौरतलब है कि शिवपाल यादव ने अपना मोर्चा बनाने के साथ ही कहा था कि मुलायम सिंह का आशीर्वाद उनके साथ है। मोर्चे के पोस्टर-बैनर-झंडे में भी मुलायम सिंह यादव की तस्वीरें लगी थीं। शिवपाल यादव ने यह भी घोषणा की थी कि मुलायम सिंह उनके बैनर तले मैनपुरी से चुनाव लड़ेंगे। हालांकि सपा इस सीट से उनकी उम्मीदवारी का बहुत पहले ही ऐलान कर चुकी है।
बता दें कि पिछले एक महीने से प्रदेश के विभिन्न जिलों में पार्टी कार्यकर्ता लोकतंत्र एवं देश बचाने के लिए साइकिल यात्रा निकाल रहे हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव खुद साइकिल यात्रा का स्वागत करने के लिये इस कार्यक्रम में शामिल हुए। इस समारोह में सपा कार्यकर्ताओं और नेताओं में उस समय जबरदस्त उत्साह और जोश देखा गया जब स्वयं मुलायम सिंह यादव इसमें शामिल होने के लिये अचानक मंच पर पहुंचे।
सपा के राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी ने बताया कि केंद्र व प्रदेश की भाजापा सरकारों ने जनता को निराश किया है। जातीय एवं सांप्रदायिक उन्माद की राजनीति से समाज में नफरत फैलाने की कोशिश की है। विकास नहीं हो रहा। नौजवानों का भविष्य बेकारी के कारण अंधकार में है।
किसान आत्महत्या को मजबूर हैं। कानून व्यवस्था चौपट है, महिलाएं व बच्चियां सहमी हैं। ऐसी तमाम समस्याओं व अखिलेश यादव के संदेश को लेकर साइकिल यात्री प्रत्येक विधान सभा क्षेत्र के गांव-गांव गए थे।