महिला टुकड़ी भी बनी परेड का हिस्सा गणतंत्र दिवस की परेड के दौरान पहली बार यूपी पुलिस की महिला विंग टुकड़ी भी परेड का हिस्सा बनी। 35 पीएसी बटालियन, एटीएस कमांडो दस्ता, राजस्थान आम्रस कांटेविलरी, यूपी होमगार्ड, एनसीसी, नागरिक सुरक्षा संगठन, सैनिक स्कूल और होमगार्ड समेत शहर के कई स्कूली बैंड देशभक्ति गीतों की धुन पर कदमताल करते नजर आए। परेड अपने निर्धारित मार्ग चारबाग से हुसैनगंज, विधानसभा, हजरतगंज चौराहा होते हुए करीब दोपहर 12 बजे केडी सिंह स्टेडियम पहुंची। राष्ट्रगान कर भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाए गए। चारबाग से लेकर केडी सिंह बाबू स्टेडियम तक इस भव्य परेड के इस्तकबाल के लिए हर हाथ में तिरंगा दिखा।
फाइटर टीम ने लोगों का मन मोहा इसके साथ ही एटीएस की फाइटर टीम ने अपने करतबों से लोगों का मन मोहा। इसका नेतृत्व मेजर वात्सल्य तिवारी ने किया। मेजर वात्सल्य तिवारी पाकिस्तान के खिलाफ हुए युद्ध में हिस्सा ले चुके हैं। वहीं नेटवर्क ऑपरेशन सेंटर, इंटिग्रेटेड कमांड एवं कंट्रोल मल्टी-परपज प्लेट फार्म, एकीकृत संचार वाहन ने सेना और इंटीलिजेंस की खुफिया ताकत का एहसास कराया। परेड में नौ राजपूत रेजीमेंट, चार डोगरा रेजीमेंट, 16 जाट रेजीमेंट, केंद्रीय रिर्जव पुलिस बल और सशस्त्र सीमा बल सहित कुल 33 टुकड़ियां शामिल थीं। परिवहन विभाग, उद्यान विभाग, अमीनाबाद इंटर कॉलेज, इग्नू आदि की ओर से निकाली गई झाकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। लखनऊ पब्लिक स्कूल की चंद्रयान 2 की झांकी की बहुत पसंद की गई।
‘विकास में करें सहयोग’ इस मौके पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से प्राप्त आजादी तथा देश की एकता और अखण्डता को बनाये रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। गणतंत्र दिवस का अवसर हमें स्वयं को सौहार्द, शांति तथा भाईचारा कायम करने के लिए प्रेरित करता है। हमें अपने पूर्वजों से प्राप्त अनुभवों तथा चिन्तन की समृद्ध विरासत से प्रेरणा प्राप्त कर देश एवं प्रदेश के विकास में सहयोग करना चाहिए।
एक भारत-श्रेष्ठ भारत के प्रति संकल्पबद्ध प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी और कहा कि गणतंत्र दिवस स्वाधीनता सेनानियों के बलिदान का स्मरण कराने के साथ ही संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति सचेत भी करता है। यह राष्ट्रीय पर्व आत्मचिंतन करने व महान देशभक्तों के सपनों एवं लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रतिबद्ध होने का अवसर प्रदान करता है। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया है कि गणतंत्र दिवस पर संविधान में दिए मूल कर्तव्यों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने व एक भारत-श्रेष्ठ भारत के प्रति सभी संकल्पबद्ध होंगे।
इनको मिला पद्म सम्मान गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर घोषित हुए पद्म पुरस्कारों में नौ पुरस्कार उत्तर प्रदेश के हिस्से आए हैं। किराना घराना की बनारसी गायकी के शास्त्रीय और उपशास्त्रीय गायक पंडित छन्नूलाल मिश्र को पद्मविभूषण जबकि शहर के इतिहासविद डॉ़ योगेश प्रवीन, समाजसेवी मोहम्मद शरीफ, देश की पहली एयर मार्शल डॉ. पद्मावती बंदोपाध्याय, उद्योग के क्षेत्र में संजीव बिकचंदानी, चिकित्सा में डॉ नरेंद्र नाथ खन्ना, खेल के लिए जीतू राय, कला में दया प्रकाश सिन्हा और विज्ञान एवं अभियांत्रिकी के क्षेत्र में हरीश चंद्र वर्मा को पद्मश्री दिया जाएगा।