लखनऊ

अखिलेश बोले- चाचा शिवपाल का हम दिल से सम्मान करते हैं

कहा- अमर सिंह को आज भी हम अंकल ही बुलाते हैं।
 

लखनऊSep 02, 2018 / 09:35 pm

Ashish Pandey

अखिलेश बोले- चाचा शिवपाल का हम दिल से सम्मान करते हैं

लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शिवपाल यादव द्वारा बनाए गए समाजवादी सेक्युलर मोर्चे पर पहली बार अपनी चुप्पी तोड़ते हुए खुलकर बात कही। यहां एक कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव ने परिवार में शुरू हुआ आपसी झगड़ा पर अपनी बात रखते हुए कहा कि हमारे घर में लोकतंत्र है। लोकतंत्र का इससे बेहतरीन उदाहरण नहीं हो सकता है। उन्होंने अपने चाचा शिवपाल पर कहा कि चाचा का हम दिल से सम्मान करते हैं। वहीं अखिलेश यादव ने राज्यसभा सांसद अमर सिंह को लेकर कहा कि आज भी हम उनको अंकल ही बुलाते हैं।
बतादें कि हाल ही में अमर सिंह ने अखिलेश यादव को नमाजवादी पार्टी का अध्यक्ष कहा था। इस बारे में अखिलेश ने कहा कि आप लोग उनके कहने का मतलब नहीं समझ पाए। दरअसल, सपा ने उनको बहुत कुछ दिया है। उन्हें बहुत कुछ नवाजा गया है, इसलिए, उन्होंने हमारी तारीफ में नमाजवादी पार्टी का अध्यक्ष कहा है।
कुछ दिन पहले राज्यसभा सांसद अमर सिंह ने अखिलेश यादव और आजम खान पर एक विडियो जारी कर जोरदार हमला बोला था। बेहद गुस्से में नजर आ रहे अमर सिंह ने कहा था कि अखिलेश यादव तुम्हें विष्णु का मंदिर बनाने का अधिकार है। तुम समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष नहीं हो, नमाजवादी पार्टी के अध्यक्ष हो।
वहीं अखिलेश यादव ने अब संकेत दिए हैं कि डिंपल यादव 2019 लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं। यहां एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि अगर लोग चाहते हैं तो डिंपल को चुनाव लड़ा सकते हैं। हालांकि अखिलेश ने ये साफ नहीं किया कि डिंपल यादव किस सीट से लड़ेंगी क्योंकि इस बार कन्नौज से अखिलेश खुद चुनावी मैदान में उतरने की घोषणा कर चुके हैं।
फिलहाल कन्नौज की सीट से डिंपल यादव सांसद हैं, लेकिन पिछले साल एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान परिवारवाद के सवाल पर अखिलेश ने कहा था कि डिंपल इस बार चुनाव नहीं लड़ेंगी। इसके बाद से ही संभावना जताई जा रही थी कि इस बार अखिलेश कन्नौज से चुनाव लड़ेंगे। डिंपल केवल पार्टी का प्रचार करेंगी लेकिन चुनाव नहीं लड़ेंगी लेकिन बदले समीकरणों को ध्यान में रखते हुए दोनों चुनावी मैदान में उतर सकते हैं।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.