scriptअखिलेश यादव ने कहा, सपा सरकार में आंदोलनकारी महिलाओं पर एक डंडा भी नहीं चला था | Akhilesh Yadav said Yogi government killed the democracy | Patrika News

अखिलेश यादव ने कहा, सपा सरकार में आंदोलनकारी महिलाओं पर एक डंडा भी नहीं चला था

locationलखनऊPublished: Oct 25, 2017 08:23:41 pm

Submitted by:

shatrughan gupta

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों पर प्रदेश की योगी सरकार ने बर्बर तरीके से लाठी चलवाकर लोकतंत्र की हत्या की है।

Akhilesh Yadav

Akhilesh Yadav

लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर बड़ा तंज कसा है। उन्होंने कहा है कि समाजवादी सरकार में आंदोलनकारी एक भी महिलाओं को डंडा नहीं लगा। अब योगी सरकार में आंदोलनकारी महिलाओं को डंडा मिल रहा है। राजधानी स्थित प्रदेश कार्यालय में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के प्रतिनिधि मण्डल से मुलाकात की।
सरकार ने लोकतंत्र की हत्या की

प्रतिनिधि मंडल ने अखिलेश से अपनी पीड़ा साझा की। उन्होंने सपा अध्यक्ष को बताया कि किस तरह प्रदेश सरकार उनका उत्पीडऩ कर रही है। उन्होंने बताया कि राजधानी पुलिस की बर्बर लाठीचार्ज में कितनी आशा कार्यकत्रियां घायल हुई हैं। इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि सरकारों का काम लाठी चलवाना नहीं, बल्कि विकास करना होता है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार में आंदोलनकारी महिलाओं पर एक भी डंडा कभी नहीं चला था, जबकि पिछले कुछ दिनों से लखनऊ में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों पर प्रदेश की योगी सरकार ने बर्बर तरीके से लाठी चलवाकर लोकतंत्र की हत्या की है। उन्होंने कहा कि इस घटना की जितनी भी निंदा की जाए, कम है।
एयर शो से एक्सप्रेस-वे की गुणवत्ता प्रमाणित हुई

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि पिछली समाजवादी सरकार को बदनाम करने के लिए भाजपा सरकार बदले की भावना से काम कर रही है। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे को लेकर बीजेपी ने भ्रम का जो वातावरण बनाया था, उसकी वास्तविकता अब जनता के सामने आ गई है। अब आने वाले समय में जनता भाजपा को जवाब देगी। अखिलेश यादव ने कहा कि एक्सप्रेस-वे पर भारतीय वायुसेना द्वारा आयोजित एयर शो से इस सड़क की गुणवत्ता प्रमाणित हो गई है। इससे यह बात साफ हो गई कि इसी तरह की शानदार सड़कों से ही तरक्की होगी।
प्रदेश का विकास भाजपा ने रोका

सपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश को समृद्ध करने की सोच को लेकर ही एक्सप्रेस-वे के किनारे किसानों के लिए मंडियों के निर्माण की व्यवस्था समाजवादी सरकार में की गई थी। अब भाजपा सरकार को प्राथमिकताएं तय करनी होंगी। उत्तर प्रदेश को समृद्ध और खुशहाल बनाने का रास्ता सपा सरकार में तैयार हुआ था। अखिलेश ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश की योगी सरकार ने प्रदेश का विकास रोक दिया है। हर तबके के लोग परेशान हैं। प्रदेश में क्राइम का ग्राफ बढ़ रहा है, पर सरकार शांत बैठी हुई है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो