लखनऊ

UP Assembly election 2022: हरे रामा…हरे कृष्णा: 2022 के चुनाव में योगी के राम, अखिलेश के कृष्ण

UP Assembly election 2022: सपा ने जारी किया सांग, भाजपा राममंदिर निर्माण की प्रगति गाथा गाएगी

लखनऊJun 18, 2021 / 04:25 pm

नितिन श्रीवास्तव

हरे रामा…हरे कृष्णा: 2022 के चुनाव में योगी के राम, अखिलेश के कृष्ण

लखनऊ. उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव (UP Assembly election 2022) को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूरी तरह से एक्टिव हो गये हैं। इसी क्रम में सपा अपने नये एक कैंपेन के सहारे हिंदुत्व की पिच पर नया दांव खेला है। दरअसल समाजवादी पार्टी के ट्विटर हेंडल और फेसबुक पेज पर कैंपेन सॉन्ग जारी किया गया है। इस गाने में सपा प्रमुख अखिलेश यादव को मुरलीधर कृष्ण बताया गया है। यानी जहां 2022 के चुनाव में भाजपा राम मंदिर निर्माण की प्रगति गाथा के सहारे अपनी नइया पार लगाने में लगी है, तो वहीं अब अखिलेश को श्री कृष्ण बताकर सपा ने भी हिंदुत्व का नया दांव खेल दिया है।
सपा ने जारी किया सांग

समाजवादी पार्टी की ओर से जारी वीडियो के बोल हैं- मुरलीधारी कृष्ण बदलकर वेश आ रहे हैं, अखिलेश आ रहे हैं, अखिलेश आ रहे हैं। इस गाने को फेसबुक और ट्वीटर पर समाजवादी पार्टी के आधिकारिक पेज से साझा किया गया है। इस गाने को सपा नेता राजकुमार भाटी ने लिखा है। इस कैंपेन सॉन्ग में पिछली अखिलेश सरकार के 5 साल के कामकाज को गिनाया जा रहा है, लेकिन कृष्ण को लेकर कही गई लाइनों का सीधा सा मतलब ये निकाला जा रहा है कि कहीं ना कहीं, बीजपी की तरफ से राम पर राजनीति के बीच सपा की तरफ से कृष्ण पर राजनीति को आजमाने की कोशिश हो रही है। इस वीडियो में अखिलेश सरकार के द्वारा शुरू की गई योजनाओं की भी झलक दिखाने के साथ जनता से लुभावने वादे किए गए हैं। यही नहीं, यह भी बताया गया है कि समाजवादी सरकार के आने से शिक्षा, किसान और दूसरी सुविधाओं की स्थिति बेहतर हो जाएगी।
भाजपा राममंदिर निर्माण की प्रगति गाथा गाएगी

वहीं दूसरी तरफ अपने विपक्षियों के मुकाबले भाजपा इस बार के विधानसभा चुनाव को लेकर ज्यादा सतर्क है, क्योंकि उसे सत्ता में वापसी करनी है और 2024 लोकसभा चुनाव के लिए यूपी को अपना अभेद्य किला बनाए रखना है। ऐसे में एक तरफ पार्टी जहां योगी आदित्‍यनाथ सरकार अपने विकास कार्यों को जनता के बीच पेश करने की तैयारी कर रही है, वहीं भारतीय जनता पार्टी राम मंदिर को केंद्र में रखकर यूपी चुनाव प्रचार का खाका खींचेगी। दरअसल भाजपा नेतृत्‍व इमोशनल कार्ड खेलने के मूड में भी नजर आ रहा है। भाजपा की योजना इसके जरिये पार्टी के विशाल सांगठनिक ढांचे को चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार करना है। यानी भाजपा की मंशा है कि राम मंदिर को ही केंद्र में रखा जाए. क्योंकि उसका यह सबसे बड़ा अचीवमेंट है। खासतौर से उत्तर प्रदेश की जनता के लिए राम मंदिर भावनाओं से जुड़ा प्रश्न है। इसीलिए विपक्ष के वार को कुंद करने के लिए भाजपा राम मंदिर को अपनी सरकार उपलब्धि के तौर पर पेश करने का मन बना चुकी है।
यह भी पढ़ें

गंगा दशहरा 20 जून को, बारिश की वजह से रेत बही, गंगा तट पर दफनाए शवों से उठने लगी दुर्गंध

Home / Lucknow / UP Assembly election 2022: हरे रामा…हरे कृष्णा: 2022 के चुनाव में योगी के राम, अखिलेश के कृष्ण

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.