बीजेपी ने इस पोस्टर के सहारे कई निशाने साधे हैं। एक तरफ पार्टी ने अखिलेश यादव को जवाब दिया तो दूसरी तरफ हाल ही में सपा में शामिल हुए स्वामी प्रसाद मौर्य को भी घेरा है। स्वामी प्रसाद मौर्य खुद सपा में चले गए हैं, लेकिन बदायूं से बीजेपी के टिकट पर सांसद बनीं उनकी बेटी संघमित्रा मौर्य ने साफ कर दिया है कि वह बीजेपी में ही बनी रहेंगी। बीजेपी ने इस पोस्टर के जरिए महिला सुरक्षा के मुद्दे पर आधी आबादी को साधने की कोशिश की है।
इसी बीच यूपी में कांग्रेस के लड़की हूं, लड़ सकती हूं अभियान की पोस्टर गर्ल प्रियंका मौर्य के विधानसभा से पहले भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की संभावनाएं हैं। चुनाव में कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने से प्रियंका मौर्य नाराज हैं।
यूपी में महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष प्रियंका मौर्य ने कहा कि उन्होंने (कांग्रेस) मेरे चेहरे, मेरे नाम और मेरे 10 लाख सोशल मीडिया फॉलोअर्स का इस्तेमाल प्रचार के लिए किया। लेकिन जब आने वाले चुनाव के लिए टिकट की बात आई, तो यह किसी और को दे दिया गया। यह अन्याय है। उन्होंने कहा कि मुझे टिकट नहीं मिला क्योंकि मैं एक ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) की लड़की हूं और प्रियंका गांधी के सचिव संदीप सिंह को रिश्वत नहीं दे सकती थी।
सरोजनी नगर सीट से चुनाव की थी तैयारी
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के लड़की हूं, लड़ सकती हूं कैंपेन पोस्टर सबसे आगे खड़ी प्रियंका मौर्य लखनऊ की सरोजनी नगर सीट से चुनाव की तैयारी कर रही थीं। प्रियंका मौर्य ने कहा कि घूस की रकम किसी और ने नहीं बल्कि प्रियंका गांधी के सचिव संदीप सिंह ने मांगी थी। उनका दावा है कि हर आरोप का उनके पास पुख्ता सबूत है, जिसे टीवी चैनल पर दिखाएंगी।