प्रमिला, पूनम, माया के नाम रेस में पिछड़ गए भाजपा की कानपुर शहर इकाई ने अंतिम पैनल में पूर्व महिला मोर्चा शहर अध्यक्ष माया सिंह, तेज-तरार्र नेता प्रमिला पाण्डेय, पूनम कपूर के साथ-साथ पूर्व प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष कमलावती सिंह का नाम ही तय किया था। इसी सूची के आधार पर लखनऊ में स्क्रीनिंग कमेटी को अंतिम नाम तय करना था। निवर्तमान मेयर ने अपनी करीबी पूनम कपूर के लिए जोर लगा रखा था, जबकि कैबिनेट मंत्री सतीश महाना का रूख प्रमिला पाण्डेय के नाम पर था। कानपुर से निर्वाचित एक अन्य कैबिनेट मंत्री सत्यदेव पचौरी भी प्रमिला पाण्डेय के नाम पर रजामंद हैं। ऐसे में प्रमिला पाण्डेय अथवा पूनम कपूर का नाम रेस में सबसे आगे था। माया सिंह और कमलावती सिंह का नाम जातीय समीकरणों के चलते चर्चा में था। कांग्रेस ने मैदान में ब्राह्मण चेहरे को मैदान में उतार दिया है। इस स्थिति में भाजपा ने प्रमिला पाण्डेय और पूनम कपूर के नाम पर विचार को फिलहाल स्थगित कर दिया है। बीती देर रात तक कमलावती सिंह के नाम पर मुख्यालय में लगभग सहमति बन गई है।
कमलावती नहीं तो प्रमिला का नाम होगा तय प्रदेश स्क्रीनिंग कमेटी ने सपा से वैश्य, बसपा से पिछड़ी जाति और कांग्रेस से ब्राह्मण उम्मीदवार के सामने आने के बाद ठाकुर उम्मीदवार उतारने का मूड बनाया है। चूंकि कमलावती सिंह के अच्छे संबंध और पहचान राष्ट्रीय नेताओं से हैं, ऐसे में उनका नाम लगभग फाइनल है। अलबत्ता कानपुर में ब्राह्मण मतदाताओं की निर्णायक संख्या को देखते हुए पार्टी ने अभी प्रमिला पाण्डेय के नाम पर विचार करना बंद नहीं किया है। स्थानीय नेताओं से फीडबैक लेने के बाद प्रमिला पाण्डेय अथवा कमलावती सिंह में कोई एक नाम फाइनल कर दिया जाएगा। गौरतलब है कि कानपुर मेयर सीट के लिए निर्णय करने वाले मतदाताओं में ब्राह्मण मतदाताओं की संख्या करीब छह लाख है।
कांग्रेस ने डीपीएस की मालकिन को बनाया मेयर उम्मीदवार कांग्रेस ने यूपी निकाय चुनाव में मेयर की कुर्सी के लिए नाम तय कर लिया। कानपुर में दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) की मालकिन को कांग्रेस पार्टी ने मैदान में उतारा है। कांग्रेसी उम्मीदवार के नाम ने भाजपा की रणनीति को ध्वस्त कर दिया है। अब भाजपा को नए सिरे से मेयर पद के उम्मीदवार के लिए स्क्रीनिंग करनी पड़ेगी। कांग्रेस ने पुराने कांग्रेसी और विधानसभा का चुनाव लड़ चुके आलोक मिश्र की पत्नी वंदना मिश्र को अपना प्रत्याशी तय किया है। यूं तो कानपुर शहर से मेयर का चुनाव लडऩे के लिए आठ लोगों ने आवेदन किया था। आवेदन करने वालों में पूर्व प्रत्याशी पवन गुप्ता की पत्नी, दो पूर्व विधायकों की बीवियों के साथ-साथ पूर्व पार्षद आरती दीक्षित और ममता तिवारी शामिल थीं। प्रत्याशी चयन के लिए स्क्रीनिंग कमेटी ने सभी दावेदारों पर गौर करने के बाद सिर्फ वंदना मिश्रा का नाम प्रदेश चयन कमेटी को भेजा, जिसे गुलामनबी आजाद ने भी मंजूर कर लिया है। अब सिर्फ औपचारिक घोषणा का इंतजार है।