scriptमायावती का भाजपा पर बड़ा हमला-बोलीं- बीजेपी कर रही है संविधान को बर्बाद करने की साजिश | BJP is doing conspiracy to destroy constitution: Mayawati | Patrika News
लखनऊ

मायावती का भाजपा पर बड़ा हमला-बोलीं- बीजेपी कर रही है संविधान को बर्बाद करने की साजिश

कर्नाटक में येदियुरप्पा के शपथ लेने पर जताई नाराजगी।
 

लखनऊMay 17, 2018 / 02:17 pm

Ashish Pandey

BJP is doing conspiracy
लखनऊ. बसपा सुप्रीमो और यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने येदियुरप्पा के कर्नाटक के सीएम के तौर पर शपथ लेने पर जमकर हमला बोला है। मायावती ने गुरुवार को प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि बीजेपी बाबा साहेब आंबेडकर के द्वारा बनाए गए संविधान को बर्बाद करने की साजिश रच रही है। मायावती ने कहा कि जब से बीजेपी सत्ता में आई है तब से सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग लोकतंत्र पर हमला करने के लिए कर रही है।
इससे पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी एक ट्वीट कर येदियुरप्पा के शपथ ग्रहण पर निशाना साधते हुए हमला बोला था। अखिलेश यादव ने बिना नाम लिए येदियुरप्पा के शपथ को लोकतंत्र की हत्या करार दिया। उन्होंने इसके साथ ही कर्नाटक के ताजा घटनाक्रम को इशारों में इसे सत्ता की हनक और जमीर की मंडी सजाने जैसी संज्ञा दी। पूर्व सीएम ने लिखा है कि आज फिर लोकतंत्र की शपथ ली जाएगी। आज फिर एक बार और हत्या की जाएगी। आज फिर सत्ता की हनक दिखाई जाएगी। आज फिर जमीर की मंडी सजाई जाएगी। आज फिर आजादी थोड़ी और मर जाएगी।
बतादें कि बुधवार रात को सुप्रीम कोर्ट में चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बीच कर्नाटक में बीजेपी की सरकार ने शपथ ली। भाजपा के येदियुरप्पा ने गुरुवार सुबह 9 बजे तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण पर कांग्रेस और जेडीएस लगातार बीजेपी और राज्यपाल वजुभाई वाला पर हमलावर है। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में किसी भी पार्टी को पूर्ण बहुमत नहीं मिला था। राज्यपाल ने बुधवार को सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते भाजपा को सरकार बनाने का आमंत्रण दिया था।
राज्यपाल ने येदियुरप्पा को सरकार बनाने और 15 दिनों में अपना बहुमत साबित करने को कहा था। उसके बाद कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। गुरुवार सुबह तक चली सुनवाई में शीर्ष कोर्ट ने शपथ ग्रहण पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था। वहीं कोर्ट ने येदियुरप्पा और कांग्रेस से विधायकों के बहुमत की सूची सौंपने को भी कहा है। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बन कर उभरी है और बड़ी पार्टी होने के नाते ही राज्यपाल ने उसे सरकार बनाने का न्योता दिया था।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो