scriptचौथे चरण की इन सीटों पर बीजेपी को लग सकता है बड़ा झटका, सपा-बसपा ने तेज किया गुणा भाग | BJP may trouble in fourth phase lok sabha elections 2019 | Patrika News
लखनऊ

चौथे चरण की इन सीटों पर बीजेपी को लग सकता है बड़ा झटका, सपा-बसपा ने तेज किया गुणा भाग

– 29 अप्रैल को यूपी में है चौथे चरण का चुनाव- चौथे चरण में उत्तर प्रदेश की 13 सीटों पर होगा मतदान- 2014 के आंकड़े बयां कर रहे ऐसी तस्वीर

लखनऊApr 25, 2019 / 02:31 pm

Hariom Dwivedi

lok sabha elections 2019

चौथे चरण में इन सीटों पर बीजेपी को लग सकता है बड़ा झटका

लखनऊ. लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में उत्तर प्रदेश की 80 में 13 सीटों पर 29 अप्रैल को मतदान होगा। 2014 में भारतीय जनता पार्टी ने इनमें से 12 सीटों पर जीत दर्ज की थी, लेकिन इस बार सपा-बसपा गठबंधन के चलते बीजेपी के सामने पिछला रिकॉर्ड दोहराना आसान नहीं होगा। बीते चुनाव में भले ही भाजपा ने चौथे चरण की 12 सीटें जीती हों, लेकिन उनमें से कई सीटों पर उसके वोट सपा-बसपा के कुल वोटों से कम थे। ऐसे में अगर समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी एक-दूसरे को अपने-अपने वोट ट्रांसफर करवाने में सफल हो गईं तो इस बार निश्चित तौर पर भाजपा को बड़ा झटका लग सकता है।
कन्नौज
समाजवादी पार्टी की डिम्पल यादव जीती थीं। उन्हें कुल 4,89,164 मिले थे। 4,69,257 पाकर भाजपा के सुब्रत पाठक दूसरे नंबर पर रहे थे। बसपा प्रत्याशी निर्मल तिवारी को 1,27,785 वोट मिले थे। 2014 में कन्नौज लोकसभा सीट पर सपा-बसपा को मिले कुल वोट (616949) बीजेपी के वोटों से ज्यादा थे।
हरदोई
2014 में भाजपा के अंशुल वर्मा 3,60,501 वोट पाकर विजयी रहे। बसपा के शिव प्रसाद वर्मा को 2,79,158 वोट और सपा की ऊषा वर्मा को 2,76,543 मिले थे। उस चुनाव में सपा-बसपा के कुल वोट (5,55,701) बीजेपी के वोटों से काफी ज्यादा थे। इस बार अंशुल वर्मा का टिकट काट दिया गया। इसके बाद वह सपा में शामिल हो गये।
मिश्रिख
4,12,575 वोट पाकर अंजू बाला जीतीं। बसपा के अशोक कुमार रावत को 3,25,212 और सपा के जय प्रकाश को 1,94,759 वोट मिले थे। 2014 में बीजेपी को मिले कुल वोट सपा-बसपा को मिले वोटों (5,19,971) से कम थे। भाजपा ने अंजू बाला का टिकट काट दिया है।
खीरी
भाजपा के अजय कुमार जीते। 2014 में उन्हें 3,98,578 वोट मिले थे। 2,88,304 वोट पाकर बसपा के अरविंद गिरि दूसरे और 1,60,112 वोट पाकर सपा के रवि प्रकाश वर्मा चौथे नंबर पर रहे थे। तीसरा नंबर कांग्रेस प्रत्याशी जफर अली नकवी का था। उस चुनाव में खीरी लोकसभा सीट पर सपा-बसपा के कुल वोट (4,48,416) बीजेपी को मिले वोटों से ज्यादा थे।
शाहजहांपुर
5,25,132 पाकर बीजेपी के कृष्णा राज जीते। बसपा के उमेद सिंह कश्यप को 2,89,603 और सपा के मिथिलेश कुमार को 2,42,913 वोट मिले। उस चुनाव में इस सीट पर सपा-बसपा को मिले कुल वोट (5,32,516) बीजेपी के वोटों से ज्यादा थे। इस बार भाजपा ने कृष्णा राज का टिकट काट दिया है।

इटावा
2014 में 4,39,646 वोट पाकर भाजपा के अशोक कुमार दोहरे जीते। दूसरे नंबर पर रहे सपा के प्रेमदास कठेरिया को 2,66,700 वोट मिले। बसपा कैंडिडेट अजय पाल सिंह जाटव को 1,92,804 वोट मिले थे। 2014 में भाजपा को मिले वोट सपा-बसपा के कुल वोटों (4,59,504) से कम थे। भाजपा ने इस बार अशोक कुमार दोहरे का टिकट काट दिया है, वहीं इटावा से ही कांग्रेस प्रत्याशी हैं।
झांसी
झांसी लोकसभा सीट पर पिछले चुनाव में 5,75,889 वोट पाकर भाजपा की उमा भारती जीतीं। सपा के डॉ. चंद्रपाल सिंह यादव को 3,85,422 वोट और बसपा की अनुराधा शर्मा को 213,792 मिले थे। 2014 में झांसी लोकसभा सीट पर सपा-बसपा के कुल वोट (5,99,214) बीजेपी के वोटों से ज्यादा थे।
चौथे चरण में इन सीटों पर मतदान
शाहजहांपुर, लखीमपुर-खीरी, हरदोई, मिश्रिख, उन्नाव, फर्रुखाबाद, इटावा, कन्नौज, कानपुर, अकबरपुर, जालौन, झांसी और हमीरपुर।

Home / Lucknow / चौथे चरण की इन सीटों पर बीजेपी को लग सकता है बड़ा झटका, सपा-बसपा ने तेज किया गुणा भाग

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो