scriptरामायण विश्व महाकोश के प्रथम संस्करण का विमोचन, सीएम योगी बोले – यूपी में बसती है सनातन हिन्दू धर्म की आत्मा | CM Yogi said The soul of Sanatan Hindu religion resides in UP | Patrika News

रामायण विश्व महाकोश के प्रथम संस्करण का विमोचन, सीएम योगी बोले – यूपी में बसती है सनातन हिन्दू धर्म की आत्मा

locationलखनऊPublished: Mar 06, 2021 02:51:43 pm

Submitted by:

Neeraj Patel

– जो भारत के खिलाफ गंदा बोलते हैं, वे बिकाऊ लोग- विश्वव्यापी स्वरूप को प्रस्तुत करने में मदद करेगा रामायण विश्व महाकोश

1_6.jpg

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
लखनऊ. उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लखनऊ में रामायण विश्व महाकोश के प्रथम संस्करण (कर्टेन रेजर वॉल्यूम) का विमोचन किया और इसके साथ ही कार्यशाला का भी उद्घाटन किया। उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के प्रेक्षागृह में इस अवसर पर उन्होंने रामायण तथा महाभारत की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हम सब जानते हैं कि भारत आज जिस रूप में है, उसकी सीमाएं उत्तर से दक्षिण तक अगर आज भी उस रूप में बनी हैं तो उसका श्रेय भगवान राम को जाता है। सांस्कृतिक रूप से उत्तर और दक्षिण के बीच खाई को पाटने का काम भगवान राम ने किया। भारत गणराज्य सांस्कृतिक भारत की ठोस आधारशिला पर खड़ा है। उन्होंने कहा कि मलेशिया में लोग कहते हैं कि हो सकता है हमने किन्हीं परिस्थितियों में इस्लाम कबूल किया, पर हमारे पूर्वज तो राम ही हैं। आप पश्चिम में आइए, जो तक्षशिला है, वो भरत के पुत्र के नाम पर है। हमने इसे विस्मृत कर दिया है।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रामायण और महाभारत की कहानियां हमें बहुत कुछ बताती और सिखाती हैं। यह सिर्फ हमारी मानसिकता का अभाव है कि बहुत सारे लोगों अयोध्या में ही भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर प्रश्न लगाने का काम किया। यह जो विकृत मानसिकता है, यही भारत को अपने गौरव से दूर करती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत की सनातन हिन्दू धर्म परम्परा के अनुसार जिन सात नगरों को हम सप्तपुरियों के रूप में जानते हैं। उसमें से तीन अयोध्या, मथुरा, काशी तो उत्तर प्रदेश में ही हैं। सनातन हिन्दू धर्म की आत्मा उत्तर प्रदेश में निवास करती है।

रामायण विश्वकोश तैयार करना गौरव की बात

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रामायण विश्वकोश तैयार करना हमारे लिए गौरव की बात है। यह अभियान भगवान राम के बारे में बहुत सारी जानकारियां देगा। बीते चार वर्ष चार वर्ष के दौरान तमाम देशों की रामलीलाओं का मंचन अयोध्या में हुआ। उन्हेंं भारत के बारे में जानकारी हो या न हो राम के बारे में है। रामायण विश्वकोश के कर्टन रेजर पुस्तक के विमोचन के अवसर पर उन्होंने कहा कि कंबोडिया के अंकोरवाट मन्दिर है, भगवान विष्णु का मंदिर है। वहां की आय का मुख्य जरिया अंकोरवाट मंदिर बनता है। मैं वहां गया, एक दृश्य देख रहा था तभी गाइड आया। उसने कहा मैं आपको इसके बारे में बताऊं। मैंने पूछा कि बताओ यह कौन हैं। गाइड ने कहा, यह गॉड मंकी हैं और लंका को जलाने के दृश्य को बताने लगा। मैंने पूछा, आप हिंदू हैं, आप इनको जानते हैं। उसने कहा कि मैं बौद्ध हूं। बौद्ध हिंदू से ही आया है। उन्होंने कहा कि भगवान राम ने विष्णु के अवतार होने के बाद भी मानवीय मूल्यों को नहीं छोड़ा। वह सामान्य मनुष्य के सभी कष्टों को सहन करते हुए आगे बढ़े।

जो भारत के खिलाफ गंदा बोलते हैं, वे बिकाऊ लोग

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम यहां उपासना विधि को लेकर विवाद खड़ा करते हैं। तोड़ने के प्रयास में रहते हैं। वह अंकोरवाट में इस बात को स्वतंत्र होकर बोल सकता है। भारत में बोलेंगे तो सेकुलरिज्म को खतरा हो जाएगा। जितने लोग भारत के खिलाफ गंदा बोलते हैं, वे बिकाऊ लोग हैं। चंद पैसों के लिए अपनी आत्मा बेचते हैं, जूठन खाते हैं। भारतीय संस्कृति और समृद्ध परंपरा के बारे में जो दुष्प्रचार कर रहे वे न घर के हैं न घाट के। विदेशी ताकतें आकर हमें गुलाम बना गईं, पर हमारे जातीय झगड़े खत्म नहीं हुए। इन्हेंं खत्म किया जाना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कारण वैश्विक मंच पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है।

उन्होंने कहा कि यह ग्लोबल इनसाइक्लोपीडिया ऑफ द रामायण की कार्यशाला एक अच्छी और सकारात्मक पहल है। मैं चाहूंगा कि इसको डिजिटल फॉर्म में जोड़ दें, भाषा का कोई विवाद नहीं होना चाहिए। इसे दुनिया की हर भाषा के साथ जोडऩा चाहिए। यह इनसाइक्लोपीडिया ऑफ रामायण हमें विज्ञान और अध्यात्म के अनछुए पहलुओं को जानने का अवसर देगा। यह विश्व महाकोश अपने आप में रामायण के विश्वव्यापी स्वरूप को प्रस्तुत करने में मदद करेगा।

भगवान श्रीराम ने मानवीय मर्यादाओं के अंदर ही रचीं लीलाएं

मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम ने भगवान विष्णु का अवतार होने के बावजूद खुद को मानव से इतर प्रकट करने का प्रयास नहीं किया। उन्होंने मानवीय मर्यादाओं के अंदर ही अपनी लीलाओं को रचा, यही राम जी की महानता है। हम रूस, लाओस, कम्बोडिया, इंडोनेशिया, थाईलैंड और श्रीलंका की रामलीला के कार्यक्रम को जोड़कर इस अभियान को आगे बढ़ाया जा सकता है। यह कपोल कल्पना नहीं है। इसमें सच्चाई भी है, वह देश व स्थल आज भी मौजूद हैं। यह अभियान मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के बारे में बहुत सारी जानकारियां देगा। हमारा प्रयास होना चाहिए कि भारत के अलावा दुनिया के अन्य देशों की राम लीलाओं का आयोजन भी अयोध्या में हो। हम सब अपने लक्ष्यों को प्राप्त करेंगे।

ट्रेंडिंग वीडियो